69वीं ऑल इंडिया इंग्लिश टीचर्स कॉन्फ्रेंस की सांस्कृतिक संध्या में झूम उठे दर्शक

0


*-स्मृति चिह्न पाकर हर्षित तथा प्रफुल्लित दिखे सभी प्रतिभागी*

गया जी। मगध विश्वविद्यालय के कुलपति एवं मुख्य संरक्षक प्रोफेसर डॉ दिलीप कुमार केसरी की अध्यक्षता में ‘नैरेटिव्स अॉफ चेंज: एक्सप्लोरिंग लिटरेचर, लैंग्वेज एण्ड सोसायटी’ विषय पर 26 नवंबर से 28 नवंबर 2026 तक एमयू में आयोजित तीन दिवसीय 69वीं अॉल इंडिया इंग्लिश टीचर्स कॉन्फ्रेंस के उद्घाटन सत्र एवं सांस्कृतिक संध्या सत्र में गौतम बुद्ध महिला कॉलेज की छात्राओं ने अपनी संगीतमय प्रस्तुतियों द्वारा अतिथियों, श्रोताओं, एवं दर्शकों का मन मोह लिया। उद्घाटन सत्र का शुभारंभ कॉन्फ्रेंस की सांस्कृतिक समिति की संयोजक एवं गौतम बुद्ध महिला कॉलेज की अंग्रेजी विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. रश्मि प्रियदर्शनी द्वारा प्रस्तुत पावन ईश्वर स्तुति मंत्र, शांति पाठ एवं राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम से हुआ। तत्पश्चात डॉ रश्मि के नेतृत्व में हारमोनियम पर गौतम बुद्ध महिला कॉलेज की छात्रा अमीषा भारती, सौम्या बर्णवाल, मुस्कान कुमारी, श्रुति अनोखी सिंह एवं अखौरी स्मृति ने एमयू के कुलगीत “मगध विश्वविद्यालय गुरुकुल की शान, अमृतं तु विद्या का मुक्त हस्त दान” एवं स्वागत गीत “इस मगध विश्वविद्यालय का शत नमन आप स्वीकार करें” की सुमधुर प्रस्तुति दी। तबले पर गया जी के प्रसिद्ध तबला वादक दिनेश कुमार ने संगत दी।

प्लीनरी सेशन, पैरेलल सेशन, एवं कॉन्फ्रेंस की जी.बी. मीटिंग के उपरांत आयोजित सांस्कृतिक संध्या में जीबीएम कॉलेज की छात्रा खुशी कुमारी ने गणेश वंदना “श्री गणेशा देवा” एवं देवी आराधना “अयिगिरि नन्दिनि नन्दितमेदिनि विश्वविनोदिनि नन्दिनुते” गीतों पर स्वागत नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी। तबले पर दिनेश कुमार के निर्देशन में मुस्कान ने कत्थक नृत्य, आराध्या ने “एक राधा, एक मीरा” तथा प्रियदर्शी भार्गव ने “चुपके, चुपके रात दिन आँसू बहाना याद है” जैसे गज़लों की प्रस्तुति से समां बांध दिया। गया घराना के जाने-माने ठुमरी गायक राम गोपाल जी एवं दिनेश कुमार जी की जोड़ी ने दादरा ताल पर आधारित ठुमरी गायन से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। जीबीएम कॉलेज की छात्रा काजल कुमारी, पायल कुमारी एवं शिवानी कुमारी ने बिहारी झिझिया नृत्य, तो काजल कुमारी, सौम्या बर्णवाल एवं रीति ने “रंगीलो मारो ढोलना” राजस्थानी घूमर नृत्य की प्रस्तुति से दर्शकों को झूमने पर विवश कर दिया।

खुशी कुमारी एवं अखौरी रागिनी ने महाभारत कथा पर आधारित नृत्य द्वारा द्रौपदी की व्यथा को चित्रित किया। जगजीवन कॉलेज के होनहार छात्र उत्पल कुमार के नेतृत्व में उच्च माध्यमिक विद्यालय, नौरंगा, मानपुर, उच्च माध्यमिक विद्यालय बारा, गंधार एवं ज्ञान निकेतन पब्लिक स्कूल नौरंगा के नन्हे-मुन्हे बच्चों बिरज, हर्ष गुप्ता, रौशन, कृष, रुदाल, निखिल, राधेकृष्णा ने रक्त चरित्र नृत्य की धमाकेदार प्रस्तुति देकर वातावरण को रौद्र, वीर तथा अद्भुत रसों से सराबोर कर डाला। क्रेन मेमोरियल हाई स्कूल, गया के विद्यार्थियों द्वारा अंग्रेजी के प्रसिद्ध साहित्यकार विलियम शेक्सपियर के नाटक ‘द मरचेंट अॉफ वेनिस’ की प्रस्तुति भी लाजवाब रही। कार्यक्रम को सफल बनाने में वॉलेंटियर के रूप में जीबीएम कॉलेज की छात्रा संचिता कुमारी, अंजली कुमारी, श्रुति कुमारी, शिवानी कुमारी एवं अखौरी स्मृति ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जहाँ उद्घाटन सत्र का संचालन डॉ. रश्मि प्रियदर्शनी एवं डॉ. अमृतेंदु घोषाल ने किया, तो वहीं सांस्कृतिक संध्या का संचालन प्रो. डॉ. रश्मि प्रियदर्शनी एवं प्रो. डॉ. रुनू रवि ने संयुक्त रूप से किया।

कार्यक्रम के समापन सत्र में प्रतिभागियों का उत्साहवर्द्धन करते हुए मगध विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर अंग्रेजी विभाग के अध्यक्ष तथा एईएसआई के स्थानीय सचिव प्रोफेसर डॉ. नीरज कुमार, एईएसआई के जेनेरल सेक्रेटरी प्रो. डॉ. विकास शर्मा, सेवानिवृत्त प्रोफेसर डॉ इंदिरा झा, डॉ मीता, डॉ रश्मि प्रियदर्शनी, डॉ रुनू रवि, डॉ संतोष सुमन, डॉ अफ्शां नाहिद, डॉ शबाना परवीन हुसैन, डॉ रवि प्रकाश, श्री दिनेश कुमार एवं श्री राम गोपाल ने सभी प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न प्रदान करके सम्मानित किया। सूवेनियर समिति की सदस्य डॉ. रश्मि ने बताया कि उद्घाटन सत्र में कुलपति प्रोफेसर दिलीप कुमार केसरी, मानविकी संकायाध्यक्ष प्रो निभा सिंह, प्रो विकास शर्मा, प्रो मालती ठाकुर, प्रो. एन डी आर चंद्रा, एवं सूवेनियर के एडिटर इन चीफ प्रो डॉ नीरज कुमार, सहित मंचासीन सभी प्रोफेसरों द्वारा 69वीं अॉल इंडिया इंग्लिश टीचर्स कॉन्फ्रेंस के सूवेनियर का सामूहिक रूप से लोकार्पण भी किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान से हुआ। गौतम बुद्ध महिला कॉलेज की प्रधानाचार्या डॉ सीमा पटेल एवं पूर्व प्रधानाचार्य डॉ सत्येंद्र प्रजापति ने डॉ रश्मि सहित सभी प्रतिभागियों को एक यादगार एवं सफल सांस्कृतिक आयोजन के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Share