स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर सी०आई०एस०एफ० हेड ऑफिस, बी०एच०ई०एल० हरिद्वार में चौथे दिन चला संयुक्त चेकिंग अभियान
हरिद्वार. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के निर्देशानुसार, माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री नरेन्द्र दत्त के आदेशानुसार सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार श्रीमती सिमरनजीत कौर के नेतृत्व में परिवहन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आज सी०आई०एस०एफ० हेड ऑफिस, बी०एच०ई०एल० हरिद्वार क्षेत्र में स्कूली बसों में चेकिंग अभियान चलाया गया, इस अभियान में स्कूली बसों एवं बच्चों को लाने ले जाने वाले वाहनों की विशेष रूप से जांच की गई। सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, की उपस्थिति में कुल 34 स्कूली बसों एवं बच्चों को ले जाने वाले वाहनों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 01 वाहनों के चालान किए गए। बसों में सवार बच्चों की सुरक्षा एवं सुविधा का ध्यान रखते हुए उन्हें अन्य बसों में सुरक्षित स्थानांतरित कर आगे भेजने की व्यवस्था की गई, तथा सचिव द्वारा परिवहन विभाग को निर्देशित किया गया कि जिले में विशेषकर स्कूल वाहनों के सभी कागजात व आवश्यक उपकरणों की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए ताकि भविष्य में बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता न हो और जिन वाहनों में अनियमितता पाई जाए उनके विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जाए।
