चार व्यक्तियों की मौके पर ही मृत्यु, वाहन के दुर्घनाग्रस्त होने पर एसडीआरएफ, डीडीआरएफ एवं 108 एंबुलेंस की टीम ने चलाया त्वरित रेस्क्यू अभियान
रुद्रप्रयाग. जनपद रुद्रप्रयाग के ऊखीमठ क्षेत्रांतर्गत कण्डारा मोटर मार्ग पर हनुमान मंदिर के समीप सोमवार रात्रि लगभग 09:15 बजे एक बोलेरो वाहन संख्या UK13 TA 1013 अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। वाहन में कुल 10 लोग सवार थे।
घटना की सूचना 112 के माध्यम से प्राप्त होते ही जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र रुद्रप्रयाग द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए एसडीआरएफ, डीडीआरएफ ऊखीमठ एवं 108 एंबुलेंस की टीमों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। रेस्क्यू टीमों द्वारा मौके पर पहुंचकर सघन खोज एवं बचाव अभियान चलाया गया।
इस दुर्घटना में चार व्यक्तियों की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि छह व्यक्ति घायल हुए हैं। घायलों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि पहुंचाया गया, जहां से चार घायलों को बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। वहीं, मृतकों के शवों को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई हेतु जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग भेजा गया है।
मृतकों में शामिल हैं कुंवर सिंह (60 वर्ष), निवासी रांसी, ऊखीमठ, मदन सिंह (40 वर्ष), निवासी रांसी, ऊखीमठ. सूरज सिंह (42 वर्ष), निवासी दैड़ा, ऊखीमठ, बलवीर सिंह (70 वर्ष), निवासी गैड़ (बस्टी), ऊखीमठ
उम्मेद सिंह राणा (52 वर्ष), निवासी रांसी. राजेन्द्र सिंह (56 वर्ष), निवासी रांसी। लविश राणा (25 वर्ष), निवासी रांसी वंशिका (08 वर्ष), निवासी कांथा।. उर्मिला देवी (33 वर्ष), निवासी चिलौण्ड़। पूजा देवी (34 वर्ष), निवासी कांथा आदि घायल हैं
जिला प्रशासन द्वारा घटना पर त्वरित संज्ञान लेते हुए राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किया गया। दुर्घटना में घायल सभी व्यक्तियों को उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।
