स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर सिडकुल एवं भेल क्षेत्र में संयुक्त चेकिंग, 15 चालान, दो बसें सीज

0

हरिद्वार। 17 नवंबर 2026 को माननीय राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के निर्देशानुसार एवं जनपद न्यायाधीश/ अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार श्री नरेंद्र दत्त जी के आदेशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं परिवहन विभाग द्वारा सिडकुल और भेल क्षेत्र में संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान में स्कूली बसों एवं बच्चों को लाने ले जाने वाले वाहनों की विशेष रूप से जांच की गई।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सिमरनजीत कौर, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) निखिल शर्मा, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा एवं परिवहन कर अधिकारी वरुणा सैनी की उपस्थिति में कुल 35 स्कूली बसों एवं बच्चों को ले जाने वाले वाहनों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 15 वाहनों के चालान किए गए तथा वैध फिटनेस प्रमाणपत्र के अभाव में दो बसों को सीज किया गया। सीज की गई बसों में सवार बच्चों की सुरक्षा एवं सुविधा का ध्यान रखते हुए उन्हें अन्य बसों में सुरक्षित स्थानांतरित कर आगे भेजने की व्यवस्था की गई। इसी क्रम में डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल जगजीतपुर, हरिद्वार लक्सर रोड पर परिवहन विभाग व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पैनल अधिवक्ता द्वारा स्कूल बसों का निरीक्षण किया गया और वाहन चालकों एवं संचालकों को निर्देशित किया गया कि बच्चों के परिवहन में सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करें तथा वाहनों के आवश्यक प्रपत्र वैध रखें। स्कूली बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

इसके साथ ही जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव, श्रीमती सिमरनजीत कौर के निरीक्षण में निर्धन बंदियों की सहायता योजना (सपोर्ट टू पूवर प्रिजनर) के संबंध में वी.सी. के माध्यम से बैठक आहूत की गयी। बैठक में विशेषकर महिला बंदियों एवं उनके बच्चों के मानवाधिकार संरक्षण पर चर्चा हुई और जेल प्रशासन को निर्देशित किया गया कि ऐसी महिला बन्दियों को चिन्हित कर उनकी समस्याओं को जानकर उनके समाधान हेतु उचित कार्यवाही की जाए। वहीं दूसरी ओर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान के तहत जिले के अनेक स्कूलों में पैनल अधिवक्ता व अधिकार मित्रों/पी.एल.वी. द्वारा जागरूकता शिविर आयोजित कर छात्र-छात्राओं को नशे से होने वाले दुष्प्रभाव व नशे की रोकथाम के लिए जागरूक किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Share