जनपद न्यायाधीश ने उच्च अधिकारियों संग उप कारागार रुड़की का औचक निरीक्षण किया
रुड़की.उप कारागार रुड़की का औचक निरीक्षण किया गया। इस निरीक्षण का नेतृत्व जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार श्री नरेंद्र दत्त द्वारा किया गया, जिसमें उनके साथ बोर्ड ऑफ विजिटर्स के सदस्यगण, जिसमें जिलाधिकारी श्री मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री नवनीत भुल्लर और मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट हरिद्वार श्रीमती ज्योति बाला, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती सिमरनजीत कौर उपस्थित रहे, निरीक्षण के दौरान जनपद के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी अपनी सहभागिता दर्ज कर शामिल रहे।
निरीक्षण के दौरान माननीय जनपद न्यायाधीश एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने जेल की बैरकों, भोजनालय, चिकित्सालय और कार्यशालाओं का गहन अवलोकन किया। माननीय जनपद न्यायाधीश ने व्यक्तिगत रूप से बंदियों से संवाद कर उनकी विधिक व अन्य समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुना तथा उन्होंने जेल प्रशासन को मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए बंदियों के कानूनी/विधिक अधिकारों की रक्षा करने के लिए कहा।
निरीक्षण के दौरान जनपद न्यायाधीश द्वारा जेल बंदियों के रख-रखाव एवं व्यवस्था व जेल परिसर की स्वच्छता की सराहना की गई तथा बंदियों की विधिक समस्याओं हेतु सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार को नियमानुसार विधिक सहायता प्रदान कर आवेदकों को सूचना प्रेषित किये जाने हेतु निर्देशित किया, साथ ही जेल अधीक्षक डी पी सिन्हा को निर्देश दिये गये कि बंदियों द्वारा प्रस्तुत की गई शिकायतों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण करना सुनिश्चित किया जाये।

अंत में जेल परिसर में बंदियों हेतु कौशल विकास कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए इस पर और अधिक जोर देते हुए जेल अधीक्षक को निर्देशित किया गया तथा बंदियों पर कड़ी निगरानी व जेल मैनुअल के नियमों का विधिवत पालन करने की हिदायत दी गई और सभी बोर्ड ऑफ विजिटर्स से बंदियों के संपूर्ण विकास हेतु सहयोग व भरसक प्रयास हेतु आग्रह किया गया।
