नवाचार और बेहतर शैक्षिक गुणवत्ता के संकल्प के साथ डायट रुड़की के नए प्राचार्य बने आकाश सारस्वत


नवनियुक्त प्राचार्य के नेतृत्व में डायट की प्रदेश स्तर पर नई पहचान बनाने की उम्मीद, जनपद के अधिकारियों ने दी शुभकामनाएं

रुड़की। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), रुड़की को नए प्राचार्य के रूप में आकाश सारस्वत का नेतृत्व मिला है। उनके प्राचार्य पद पर कार्यभार ग्रहण करने के साथ ही संस्थान में नवाचार, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और शैक्षिक गतिविधियों को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। नवाचारी सोच और सकारात्मक कार्यशैली के लिए पहचाने जाने वाले आकाश सारस्वत के नेतृत्व में डायट रुड़की के दिन बहुरने की संभावनाएं प्रबल हुई हैं।
शिक्षा विभाग में अपने कार्यों और नवाचारपूर्ण पहल के लिए अलग पहचान रखने वाले आकाश सारस्वत से अपेक्षा की जा रही है कि वे डायट को शिक्षक प्रशिक्षण, शैक्षिक अनुसंधान, अकादमिक सहयोग और विद्यालयी गुणवत्ता संवर्धन के क्षेत्र में एक आदर्श संस्थान के रूप में स्थापित करेंगे। उनके नेतृत्व में न केवल शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रमों को प्रभावी बनाने, बल्कि नई शिक्षा नीति के अनुरूप नवाचारों को धरातल पर उतारने की दिशा में भी सार्थक प्रयास किए जाने की उम्मीद है।
डायट जैसे संस्थान की भूमिका केवल शिक्षकों को प्रशिक्षण देने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विद्यालयी शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, शिक्षकों की व्यावसायिक दक्षता बढ़ाने और शैक्षिक नवाचारों को प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण केंद्र भी है। ऐसे में आकाश सारस्वत के अनुभव और कार्यशैली से संस्थान को नई ऊर्जा मिलने की संभावना है।
उनके कार्यभार ग्रहण करने पर जनपद के शिक्षा विभाग के अधिकारियों, शिक्षकों एवं शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। सभी ने विश्वास जताया कि उनके कुशल नेतृत्व में डायट रुड़की प्रदेशभर में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करेगा तथा शिक्षा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान गढ़ेगा।
अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि आकाश सारस्वत के नेतृत्व में डायट रुड़की नवाचार, प्रशिक्षण और शैक्षिक उत्कृष्टता का नया अध्याय किस तरह लिखता है।
