मेलाधिकारी एवं पुलिस महानिरीक्षक कुम्भ मेला हरिद्वार ने संयुक्त रूप से किया एन0एच0ए0आई0 के साथ निर्माणाधीन रिंग रोड का निरीक्षण
एन0एच0ए0आई0 के अधिकारियों को बहादराबाद-जगजीतपुर-कांगडी बाईपास मार्ग को कुम्भ मेला से पूर्व पूर्ण करने के दिये निर्देश।

हरिद्वार. मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका एवं आई0जी0 कुम्भ मेला हरिद्वार डॉ0 योगेन्द्र सिंह रावत द्वारा एन0एच0ए0आई0 के अधिकारियों तथा मेला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के साथ निर्माणाधीन बहादराबाद-जगजीतपुर-कांगडी रिंग रोड का संयुक्त निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि रिंग रोड निर्माण कार्यों की गति बहुत धीमी है, मार्ग पर श्रमिकों की संख्या मार्ग को समयबद्ध पूर्ण करने की चुनौती के दृष्टिगत अपेक्षाकृत कम है। उल्लेखनीय है कि आगामी कुम्भ मेला के यातायात प्लान के सफल क्रियान्वयन हेतु उक्त रिंग रोड का निर्माण कार्य कुम्भ मेला प्रारम्भ से पूर्व पूर्ण होना नितान्त आवश्यक है। इब्राहिमपुर-रो, आर0ओ0बी0 एक्कड, जगजीतपुर साइटों पर पुलों एवं पहुंच मार्ग का निर्माण कार्य पूर्ण नहीं हुआ है। जिस पर मेलाधिकारी, पुलिस महानिरीक्षक एवं एस0एस0पाी0 कुम्भ मेला द्वारा कडी नाराजगी व्यक्त की गई तथा रिंग रोड निर्माण कार्य में लगी कार्यदायी संस्था एन0एच0ए0आई0 के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सडक निर्माण कार्यों को समयबद्ध पूर्ण किया जाय, इसके लिए श्रमिकों एवं उपकरणों की संख्या बढोत्तरी की जाय तथा दिन व रात दो शिफ्टों में कार्य किया जाय। आर0ओ0बी0 एक्कड, इब्राहिमपुर-रो, जगजीतपुर साइटों पर सी0सी0टी0वी0 लगाये जायें, जिनका एक्सिस मेला प्रशासन को दिया जाय, मेला प्रशासन उक्त स्थलों पर निर्माण कार्यों की 24 घण्टे निगरानी करेगा। उक्त अवसर पर आयुष अग्रवाल एस0एस0पी0 कुम्भ मेला, दयानन्द सरस्वती अपर मेलाधिकारी कुम्भ मेला हरिद्वार, राजेश भट्ट अपर पुलिस अधीक्षक कुम्भ मेला, उमेश मलिक पुलिस उपाधीक्षक यातायात कुम्भ मेला, निरीक्षक यातायात कुम्भ मेला सहित मेला प्रशासन के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
