जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार के तत्वावधान में शिवालिक नगर तथा ग्राम एकक्कड़ कलां में विधिक साक्षरता, मेडिकल कैंप एवं एल०ए०सी० विजिट का हुआ आयोजन

0

हरिद्वार.
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा), नई दिल्ली और उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशानुसार एवं माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार श्री नरेन्द्र दत्त जी के आदेशानुसार, सिविल जज (एस०डी०)/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार श्रीमती सिमरनजीत कौर की अध्यक्षता में दिनांक 01 अक्टूबर 2026 को ‘अंतर्राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस’ (International Day of Older Persons) के उपलक्ष्य में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।


इस अवसर पर होटल प्रशांत, शिवालिक नगर (हरिद्वार) में वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान व कल्याण हेतु विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के विधिक अधिकारों, माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण तथा कल्याण अधिनियम (Maintenance and Welfare of Parents and Senior Citizens Act), वृद्धावस्था पेंशन योजना, निःशुल्क विधिक सहायता तथा नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 के विषय में विस्तृत जानकारी दी गई और उपस्थित वरिष्ठजनों की समस्याओं को सुनकर उनके निस्तारण हेतु उचित दिशा-निर्देश दिए गए।

वहीं दूसरी ओर, ग्राम एकक्कड़ कलां में लीगल एड क्लीनिक (LAC) विजिट तथा स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से एक विशाल मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया। शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा ग्रामीणों एवं वरिष्ठ नागरिकों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, ब्लड प्रेशर (BP), शुगर आदि की जांच की गई तथा आवश्यक दवाइयों का निःशुल्क वितरण किया गया। साथ ही एल०ए०सी० के माध्यम से ग्रामीणों की विधिक समस्याएं सुनी गईं तथा मौके पर उपस्थित पैनल अधिवक्ताओं एवं अधिकार मित्रों (PLVs) द्वारा उन्हें विधिक सलाह व मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम (LADC) के प्रतिनिधिगण, पैनल अधिवक्तागण, स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम, चोलयिल कंपनी के अधिकारी व कर्मचारी, अधिकार मित्र (PLVs) तथा बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल समापन पर सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनसमूह का धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share