मुंबई डिजिटल फिल्म एकेडमी में पढ़ने गई युवती ने फिल्म डायरेक्टर पर लगाए दुष्कर्म के आरोप
हरिद्वार। जिले की एक युवती ने मुंबई के फिल्म डायरेक्टर संजीव कुमार पर वर्ष 2018 से लगातार शारीरिक शोषण और दुष्कर्म करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती का कहना है कि फिल्म डायरेक्टर बनने का सपना लेकर वह मुंबई गई थी और वहां मुंबई डिजिटल फिल्म एकेडमी में दाखिला लिया था। इसी दौरान उसकी मुलाकात संजीव कुमार से हुई थी।
पीड़ित युवती ने हरिद्वार नगर कोतवाली पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि मुलाकात के बाद डायरेक्टर ने उसका शारीरिक शोषण किया। युवती का दावा है कि इस दौरान उसका अश्लील वीडियो भी बनाया गया। आरोप है कि वीडियो को सार्वजनिक करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल किया गया और वर्ष 2018 से लगातार उसके साथ दुष्कर्म किया जाता रहा।
शिकायत में युवती ने संजीव कुमार की पत्नी रेखा महापात्रा पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। हालांकि शिकायत में लगाए गए आरोपों की विस्तृत प्रकृति और उनकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शिकायत के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में हरिद्वार नगर कोतवाली पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज की है। पुलिस के अनुसार, शिकायत में जिन घटनाओं का उल्लेख किया गया है, वे मुख्य रूप से दूसरे राज्य में होने की बात सामने आई है। ऐसे में जीरो एफआईआर को संबंधित राज्य की पुलिस को भेजने की कार्रवाई की जा रही है, ताकि वहीं मामले की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सके।
एसपी सिटी दीपक सिंह के मुताबिक, युवती की शिकायत पर नगर कोतवाली में जीरो एफआईआर दर्ज की गई है। मामले में मुंबई पुलिस से संपर्क किया गया है और एफआईआर संबंधित पुलिस को भेजने की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान जो भी व्यक्ति आरोपी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
