नंदा-सुनंदा की भव्य शोभायात्रा को लेकर 23 सितम्बर बुधवार को स्कूलों में अवकाश घोषित
नैनीताल। ऐतिहासिक नंदा देवी महोत्सव के समापन के अवसर पर 23 सितम्बर को मां नंदा-सुनंदा की भव्य शोभायात्रा और डोला विसर्जन को देखते हुए नैनीताल नगर क्षेत्र के सभी सरकारी और निजी स्कूल-कॉलेजों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है। डीएम ने सुरक्षा और सुगम यातायात को देखते हुए आदेश जारी किए हैं।
नैनीताल के ऐतिहासिक नंदा देवी महोत्सव का बुधवार को विधिवत समापन होगा। समापन अवसर पर मां नंदा-सुनंदा की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। धार्मिक परंपराओं के अनुसार डोला विसर्जन का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। महोत्सव के समापन को लेकर नैनीताल नगर में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की बड़ी भीड़ जुटने की संभावना है। इसी को देखते हुए जिला प्रशासन ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा और शहर में सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए बड़ा फैसला लिया है।
जिला प्रशासन ने नैनीताल नगर क्षेत्र के सभी शिक्षण संस्थानों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है। जिलाधिकारी ने आदेश जारी करते हुए कहा है कि 23 सितंबर को नैनीताल नगर क्षेत्र में संचालित समस्त शासकीय, अशासकीय और निजी विद्यालयों के साथ ही महाविद्यालय भी बंद रहेंगे। प्रशासन का मानना है कि महोत्सव की शोभायात्रा और डोला विसर्जन के दौरान शहर में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या बढ़ने से यातायात व्यवस्था पर दबाव पड़ सकता है।
ऐसे में स्कूल-कॉलेजों में आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं को किसी तरह की परेशानी न हो और यातायात व्यवस्था भी सुचारु बनी रहे, इसके लिए यह निर्णय लिया गया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि नैनीताल नगर क्षेत्र के सभी संबंधित शिक्षण संस्थानों में अवकाश के आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए।
