मौसम खुलते ही केदारनाथ यात्रा ने पकड़ी रफ्तार,100 के अधिक कैमरों से की जा रही निगरानी

0

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम यात्रा में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। यात्रा मार्ग से लेकर केदारनाथ धाम और हेलीपैड तक की हर गतिविधि पर जिला आपदा कंट्रोल रूम से नजर रखी जा रही है। इसके लिए यात्रा मार्ग के महत्वपूर्ण स्थानों समेत विभिन्न हेलीपैड और धाम में 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने जिला आपदा कंट्रोल रूम पहुंचकर कैमरों के माध्यम से यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को संवेदनशील परिस्थितियों में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
केदारनाथ यात्रा मार्ग भौगोलिक दृष्टि से बेहद संवेदनशील है। ऐसे में मौसम, भूस्खलन, पत्थर गिरने या मार्ग में किसी तरह की बाधा की स्थिति में त्वरित सूचना और कार्रवाई बेहद महत्वपूर्ण है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने कंट्रोल रूम को निगरानी का प्रमुख केंद्र बनाया है। कैमरों से प्राप्त लाइव फीड के माध्यम से यात्रा मार्ग, हेलीपैड और धाम की लगातार निगरानी की जा रही है। किसी स्थान पर असामान्य स्थिति दिखाई देने पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल सूचना दी जाती है, ताकि मौके पर कार्रवाई में देरी न हो।
100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों के साथ यात्रा व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारी विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों पर 24 घंटे सातों दिन तैनात हैं। इसके अलावा पैदल यात्रा मार्ग और केदारनाथ धाम में एसओएस सिस्टम भी स्थापित किया गया है। आपात स्थिति में इसके माध्यम से मौके पर तैनात अधिकारियों से सीधे संपर्क कर सहायता और आवश्यक दिशा-निर्देश उपलब्ध कराए जा सकते हैं। यात्रियों की शिकायतों और सूचनाओं को भी आपदा कंट्रोल रूम के माध्यम से संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाया जा रहा है। प्रशासन का दावा है कि सूचना मिलते ही संबंधित विभाग को सक्रिय कर समस्या के समाधान की कार्रवाई की जा रही है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि केदारनाथ यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाए रखना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में है। आधुनिक तकनीक, 24 घंटे निगरानी और त्वरित संचार व्यवस्था के जरिये यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर स्तर पर सतर्कता बरती जा रही है। उधर केदारनाथ धाम में दो दिनों तक मौसम खराब रहने के बाद बुधवार को मौसम साफ होने से यात्रा ने फिर रफ्तार पकड़ ली। धाम में मौसम सुहाना होने के साथ ही बाबा केदार के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का उत्साह भी बढ़ गया है। सुबह से ही केदारनाथ धाम में भक्तों की चहल-पहल बनी हुई है। देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे श्रद्धालु पैदल और हवाई मार्ग से बाबा के दरबार में पहुंचकर दर्शन कर रहे हैं। इस यात्रा सीजन में अब तक करीब 15 लाख श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share