गंग धारा में स्नान करती महिला का अश्लील एआई जेनरेटेड वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उठी कार्यवाही की मांग
हरिद्वार। सोशल मीडिया पर एआई के दुरुपयोग के मामले सामने आने लगे है। जिसके बाद एआई तकनीक पर सवाल उठने लगे है। धर्मनगरी हरिद्वार में कुछ शरारती तत्वों ने एक महिला का अश्लील एआई जेनरेटेड वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। जिसके बाद तीर्थ पुरोहितो में भारी आक्रोश देखने को मिला।
घटनाक्रम के अनुसार हरकी पैड़ी क्षेत्र में मालवीय घाट के पास महिला के स्नान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद तीर्थ पुरोहित आक्रोशित हो उठे। आरोप है कि महिला के मूल वीडियो के साथ छेड़छाड़ करके एआई की मदद से कपड़े बदल दिए गए और उसे आपत्तिजनक तरीके से सोशल मीडिया पर वायरल किया गया। मामला सामने आने के बाद धार्मिक स्थलों को बदनाम करने के लिए इस तरह की सामग्री प्रसारित किए जाने पर कार्रवाई की मांग उठी है।
मिली जानकारी के अनुसार मालवीय घाट पर स्नान कर रही एक महिला का वीडियो किसी ने बनाया और बाद में सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इसके समय बाद कुछ शरारती तत्वों ने इसी वीडियो को डाउनलोड कर उसमें छेड़छाड़ की। महिला के कपड़े बदलकर तैयार किए गए वीडियो को सोशल मीडिया पर दोबारा वायरल कर दिया गया। वीडियो के तेजी से वायरल होने के बाद लोगों में नाराजगी फैल गई।
हालांकि लोगों ने फैक्ट चेक किए और एक अन्य वीडियो भी सामने आया, जिसमें दावा किया गया कि महिला के स्नान का वीडियो वास्तविक है, जबकि बाद में कपड़े बदलकर वायरल किया गया वीडियो फर्जी है। इस दावे के सामने आने के बाद एआई तकनीक के दुरुपयोग को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। हांलाकि वास्तविकता और उसमें की गई छेड़छाड़ की पुष्टि संबंधित जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। लेकिन इस तरह धार्मिक स्थल पर वायरल वीडियो तरह तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं। हरकी पैड़ी करोड़ों लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में गंगा घाट पर बनाए गए वीडियो के साथ छेड़छाड़ कर उसे आपत्तिजनक रूप में प्रसारित किए जाने से तीर्थ पुरोहितों में नाराजगी है। उन्होंने कहा कि अनादिकाल से सनातन के ऊपर प्रहार होता आ रहा है। आधुनिक युग में यह कार्य बहुत आसान हो गया है। इसलिए शासन प्रशासन से मांग है कि वीडियो वायरल करने वालों के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाए।
हरकी पैड़ी चौकी इंचार्ज अंशुल अग्रवाल ने बताया कि गंगा स्नान के का वायरल वीडियो मामला संज्ञान में आया है। वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। जांच के उपरांत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
