हरिद्वार में जल संरक्षण को मिलेगी नई रफ्तार, करोड़ों की कार्ययोजनाओं को SARRA समिति की मंजूरी

0

*63 रिचार्ज शाफ्ट, 06 तालाबों के निर्माण-पुनरोद्धार सहित वृक्षारोपण कार्यों पर जोर*

हरिद्वार. राज्य सरकार द्वारा संचालित जल संरक्षण अभियान के अंतर्गत स्प्रिंग एवं रिवर रेजुवेनेशन अथॉरिटी (SARRA) की जिला स्तरीय कार्यकारी समिति (DLEC) की बैठक विकास भवन सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी एवं जिला स्तरीय कार्यकारी समिति (SARRA) के उपाध्यक्ष डॉ. ललित नारायण मिश्र ने की।

बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए विभिन्न विकासखंडों द्वारा जल संरक्षण से संबंधित कार्ययोजनाएं प्रस्तुत की गईं। विकासखंड भगवानपुर ने 181.65 लाख रुपये, बहादराबाद ने 95.08 लाख रुपये, लक्सर ने 36.98 लाख रुपये, रुड़की ने 70.65 लाख रुपये तथा नारसन ने 65.15 लाख रुपये की कार्ययोजना प्रस्तुत की। इन योजनाओं में तालाब निर्माण एवं पुनरोद्धार, रिचार्ज पिट निर्माण, वृक्षारोपण सहित जल संरक्षण के विभिन्न कार्य शामिल हैं।

लघु सिंचाई विभाग, हरिद्वार द्वारा भूजल संरक्षण के लिए 63 रिचार्ज शाफ्ट के निर्माण हेतु 331.15 लाख रुपये तथा 06 तालाबों के निर्माण/पुनरोद्धार हेतु 197.40 लाख रुपये की कार्ययोजना प्रस्तावित की गई। विभिन्न विभागों द्वारा प्रस्तुत कार्ययोजनाओं को SARRA की जिला स्तरीय कार्यकारी समिति ने सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने ‘एक जनपद, एक नदी’ अभियान के अंतर्गत पथरी रौ से संबंधित कार्ययोजना शीघ्र तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने जल संरक्षण एवं भूजल संवर्धन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने पर जोर दिया।

बैठक में सदस्य सचिव/नोडल अधिकारी (SARRA) एवं अधिशासी अभियंता, लघु सिंचाई खण्ड हरिद्वार श्री भरत राम सहित संबंधित रेखीय विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Share