जीबीएम कॉलेज में जिला प्रशासन की ओर से लगाया गया विद्यार्थी सहयोग शिविर

0

गया जी। गौतम बुद्ध महिला कॉलेज के सावित्री महाजन सभागार में जिला प्रशासन, गया के सहयोग से छात्राओं के लिए ‘विद्यार्थी सहयोग शिविर’ लगाया गया, जिसमें छात्राओं को बिहार सरकार की नई पहल “विद्यार्थी सहयोग पोर्टल” के बारे में बिंदुवार जानकारियाँ दी गयीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी प्रधानाचार्य डॉ सहदेब बाउरी ने की। कार्यक्रम में डिस्ट्रिक्ट प्रोग्राम अॉफिसर (डीपीओ) पूनम कुमारी की उपस्थिति रही। उन्होंने छात्राओं से विद्यार्थी सहयोग शिविर के उद्देश्यों को साझा किया। कहा कि “विद्यार्थी सहयोग पोर्टल” की शुरुआत अगस्त 2026 से की गई है, जिसके माध्यम से राज्य के शैक्षणिक संस्थानों और छात्रावासों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों की समस्याओं, शिकायतों, और सुझावों का त्वरित तथा समयबद्ध तरीकों से समाधान किये जाने की योजना है। उन्होंने छात्राओं को कहा कि उन्हें अब अपनी शिकायत सुनाने के लिए सड़क पर प्रदर्शन करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। अपनी समस्याओं को वे पोर्टल द्वारा संबंधित अधिकारियों के समक्ष रख सकती हैं।

कार्यक्रम का संचालन डॉ प्यारे माँझी ने किया। उन्होंने छात्राओं को इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए चरणबद्ध जानकारी दी। प्रभारी प्रधानाचार्य डॉ सहदेब बाउरी ने कहा कि छात्राएँ “विद्यार्थी सहयोग पोर्टल” के अलावा टॉल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1100 के माध्यम से भी अपनी शिकायतें और सुझाव दर्ज करा सकती हैं। कॉलेज की मीडिया प्रभारी डॉ कुमारी रश्मि प्रियदर्शनी ने बताया कि “विद्यार्थी सहयोग पोर्टल” द्वारा छात्र-छात्राओं द्वारा साझा की जा रही शिकायतों का निवारण 30 दिनों के भीतर किया जाएगा। यह शिविर प्रत्येक महीने के चौथे मंगलवार को कॉलेज ही नहीं, अपितु सभी सरकारी शैक्षणिक संस्थानों में लगाया जाएगा। विद्यार्थी अपनी शैक्षणिक समस्याओं एवं कॉलेज में इंफ्रास्ट्रक्चर एवं अन्य सुविधाओं की कमी संबंधित समस्याओं को दूर करने के लिए पोर्टल पर अपना अनुरोध व शिकायत दर्ज कर सकते हैं। वे छात्रवृत्ति, प्रमाण-पत्र, पेयजल, शौचालय, भोजन, सुरक्षा आदि के प्रभावी समाधान के लिए भी इस अॉनलाइन सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।

शिविर के दौरान डॉ शगुफ्ता अंसारी, डॉ कुमारी रश्मि प्रियदर्शनी, डॉ जया चौधरी, डॉ पूजा राय, डॉ पूजा, डॉ प्रियंका कुमारी, डॉ फरहीन वज़ीरी, प्रीति शेखर, डॉ विजेता लाल, डॉ शबाना परवीन हुसैन, डॉ फातिमा, डॉ आशुतोष कुमार पांडेय, रौशन कुमार, अभिषेक कुमार, अजीत कुमार, अंजीता, माधुरी, स्वाति, ब्यूटी, सबरीन परवीन, मानवी, खुशी गुप्ता, रूपा, रिया सहित सौ से अधिक छात्राओं की उपस्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share