स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हरिद्वार जिला न्यायालय परिसर एवं जिला कारागार हरिद्वार में मनाया गया आजादी का जश्न

हरिद्वार। 80 वें स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार तथा जिला न्यायालय परिसर हरिद्वार में स्वतंत्रता दिवस का पर्व अत्यन्त धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ जिला न्यायालय परिसर में जनपद न्यायाधीश महोदय/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार श्री नरेन्द्र दत्त द्वारा ध्वजारोहण कर किया गया, जनपद न्यायाधीश महोदय ने अपने संदेश में सभी को शुभकामना प्रेषित करते हुए कहा कि आज हम अपनी आजादी के 80 वीं वर्षगांठ मना रहे हैं और हम सब आजादी की लड़ाई में शहीद हुए सभी क्रांतिकारियों को नमन करते हैं हमें उनकी शहादत को याद रखना चाहिए। इस अवसर पर परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश, जिला न्यायालय के सभी अपर एवं जिला सत्र न्यायाधीश, सभी सिविल जज (सीनियर डिविजन), अन्य न्यायिक अधिकारीगण व जिला जजी हरिद्वार के सभी कर्मचारीगण, व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार के समस्त स्टाफ व अधिवक्तागण उपस्थित रहे।
इसके पश्चात् डिस्ट्रीक्ट बार एसोसियेशन हरिद्वार के सभागार में जनपद न्यायाधीश की गरिमामयी उपस्थिति में स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस अवसर पर अनेक वरिष्ठ अधिवक्ताओं द्वारा आजादी से संबंधित हुए आंदोलन व आजादी के बाद देश में अनेक रियासतों के विलय के संबंध में अपने विचार व्यक्त किये, माननीय जनपद न्यायाधीश द्वारा अपने सम्बोधन में सभी अधिवक्ताओं एवं बार एसोसियेशन के पदाधिकारियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि हम सब को अपने कर्तव्य को ईमानदारी व निष्ठा के साथ निर्वहन करना चाहिए, इस अवसर पर डिस्ट्रीक्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष जसमेन्द्र सिंह, उपाध्यक्ष श्रीमती मीनाक्षी कपिल, सचिव विपिन द्विवेदी, समस्त कार्यकारिणी, वरिष्ठ व कनिष्ठ अधिवक्तागण उपस्थित रहे।
इसी क्रम में जिला कारागार हरिद्वार में जनपद न्यायाधीश श्री नरेन्द्र दत्त जी अध्यक्षता में स्वतंत्रता दिवस का कार्यक्रम जिला कारागार प्रशासन के सहयोग से आयोजित किया गया, सर्वप्रथम माननीय जनपद न्यायाधीश महोदय द्वारा जिला कारागार राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व डा० भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किये गये तत्पश्चात् झंडारोहण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम में बंदियों द्वारा सुन्दर और मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, प्रश्नोत्तर प्रतियोगिता व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा सामान्य ज्ञान पर आधारित प्रश्नोत्तर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, बंदियों द्वारा देशभक्ति नुक्कड़ नाटक, गीत व कव्वाली प्रस्तुत की गयी, देश भक्ति गीत “तू मेरा कर्मा तू मेरा धर्मा” पर उपस्थित जनों को बहुत ही हर्षोल्लासित कर दिया गया।
इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश महोदय ने अपने संदेश में कहा कि हम आज अपनी राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस बड़े हर्षोल्लास के साथ मना रहे हैं साथ ही उन्होंने बंदियों को अपने संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के लिए भी प्रेरित किया मुख्य अतिथि व वरिष्ठ जेल अधीक्षक के द्वारा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में कार्यरत उत्कृष्ट कार्य करने वाले सर्वश्रेष्ठ अधिकार मित्र/पी-एल-वी- को प्रशस्ति पत्र व प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले सभी बंदियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम के समापन पर वरिष्ठ जेल अधीक्षक श्री मनोज आर्य ने माननीय जनपद न्यायाधीश महोदय का विशेष आभार व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार की सचिव श्रीमती सिमरनजीत कौर का धन्यवाद ज्ञापित किया तथा उन्होंने अपने संदेश में कहा कि आज हमारे लिए बड़े सौभाग्य का दिन है कि माननीय जनपद न्यायाधीश महोदय की गरिमामयी उपस्थिति में जिला कारागार हरिद्वार में 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाया गया, उन्होंने कहा कि आज जनपद न्यायाधीश महोदय एक न्यायिक अधिकारी के रूप में कम बल्कि भारत के नागरिक के रूप में इस कार्यक्रम में उपस्थित होकर आयोजन की शोभा बढ़ाई है। इस अवसर पर अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश महोदय व अन्य न्यायिक अधिकारीगण, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के एल-ए-डी-सी- व पैनल अधिवक्तागण, समस्त स्टाफ व अधिकार मित्र उपस्थित रहे।
