महंत विष्णु दास ने की कांवड़ियों से स्वच्छता व अनुशासन की अपील

0

उछाली आश्रम में तीसरे दिन भी जारी रही कांवड़ियों की सेवा,

हरिद्वार। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा के दौरान उछाली आश्रम में शिवभक्त कांवड़ियों की सेवा का सिलसिला तीसरे दिन भी जारी रहा। आश्रम में दूर-दराज से आने वाले कांवड़ियों के लिए भोजन, शुद्ध पेयजल, चाय आदि सुविधाओं की व्यवस्था की गई। सेवा कार्य में आश्रम के संतों, सेवादारों और स्थानीय श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।आश्रम द्वारा पिछले कई वर्षो से श्रावण मास में कॉवड़ सेवा शिविर लगाये जाते रहे है। आश्रम प्रमुख महंत विष्णु दास जी महाराज ने कहा कि कांवड़ियों की सेवा भगवान शिव की सच्ची आराधना है। उन्होंने कहा कि श्रावण मास में शिवभक्तों की सेवा का विशेष महत्व है और प्रत्येक व्यक्ति को अपनी क्षमता के अनुसार इस पुण्य कार्य में सहयोग करना चाहिए। महंत विष्णु दास जी ने कांवड़ियों से यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखने, यातायात नियमों का पालन करने और प्रशासन के निर्देशों का सम्मान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि धार्मिक यात्रा के साथ स्वच्छता का संदेश भी जुड़ा होना चाहिए। श्रद्धालु जहां भी विश्राम करें, वहां साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें तथा प्लास्टिक और अन्य अपशिष्ट खुले में न फेंकें। उन्होंने बताया कि उछाली आश्रम में कांवड़ यात्रा की अवधि तक सेवा शिविर निरंतर संचालित रहेगा। शिविर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में कांवड़िये पहुंचकर भोजन और अन्य सुविधाओं का लाभ उठा रहे हैं। आश्रम के सेवादार पूरी निष्ठा के साथ शिवभक्तों की सेवा में जुटे हैं। श्रद्धालुओं ने आश्रम की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि सेवा शिविर में उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं से यात्रा कर रहे कांवड़ियों को काफी राहत मिल रही है। आश्रम परिसर में पूरे दिन शिवभक्ति और सेवा का वातावरण बना रहा।सेवा कार्यो में महंत सीताराम दास,महंत कन्हैया दास,राघवेन्द्र दास,पुनीत दास,अमन दास, सुभाष जसवाणी,सुरेश खेड़ा,रमेश खनेजा सहित आश्रम के अन्य सेवादार जुटे रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share