“विश्व मानव तस्करी विरोधी दिवस” पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार ने किया रैली का आयोजन
Soulofindia, Haridwar

उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशन में एवं माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार, श्री नरेंद्र दत्त जी के आदेशानुसार आज जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार द्वारा “विश्व मानव तस्करी विरोधी दिवस” के अवसर पर जनपद स्तर पर शिक्षा विभाग, पुलिस विभाग, परिवहन विभाग, स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से एक व्यापक विधिक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।

इस रैली का शुभारंभ श्रीमती सिमरनजीत कौर सचिव/सिविल जज (सीनियर डिवीजन), जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार व डॉ अनुपम जगगा, प्रधानाचार्य दिल्ली पब्लिक स्कूल, रानीपुर बी०एच०ई०एल० हरिद्वार के द्वारा संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया गया। यह रैली दिल्ली पब्लिक स्कूल से शुरू होकर स्वर्ण जयंती पार्क होते हुए, सेक्टर 4 पीठ बाजार होते हुए, सड़क मार्ग से वापस दिल्ली पब्लिक स्कूल में समापन हुआ।
सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा अपने संदेश में कहा कि इस रैली का मुख्य उद्देश्य समाज में मानव तस्करी के शिकार पीड़ितों की दुर्दशा के प्रति संवेदनशीलता को बनाये रखना व उनके विधिक व संवैधानिक अधिकारों को सुरक्षित बनाना व इस गंभीर अपराध की रोकथाम के लिए, आमजन को जागरूक करना है। हमारा देश आजाद होने के बाद भी इस तरह की सामाजिक बुराई आज भी प्रचलित है जिसके निदान के लिए, हम सबको जागरूक व संवेदनशील होना आवश्यक है।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य द्वारा भी कहा गया कि इस तरह के अभियान व रैली करने से बच्चों व आम जनता को मानव तस्करी से संबंधित गंभीर अपराध के संबंध में जागरूक कर बचाया जा सकता है। इस अवसर पर परिवहन विभाग से अरूणा सैनी व उनकी टीम, पुलिस विभाग के पुलिसकर्मी, सी०डब्लू०सी० की सदस्या व स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारीगण, दिल्ली पब्लिक स्कूल, शिवडेल पब्लिक स्कूल जगजीतपुर कनखल, पुलिस मॉडर्न स्कूल रोशनाबाद हरिद्वार के छात्र-छात्राओं, तथा अध्यापकगण द्वारा उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया गया। इसके साथ ही जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार के एल०ए०डी०सी० अधिवक्ता, पैनल अधिवक्ता, अधिकार मित्र व समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
वहीं दूसरी ओर सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार श्रीमती सिमरजीत कौर द्वारा वन स्टॉप सेंटर बहादराबाद के कार्यों की समीक्षा की गई तथा वहां पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार द्वारा स्थापित विधिक सहायता हेल्प डेक्स का फीता काटकर विधिवत रूप से शुभारंभ किया गया तथा वहां पर एक पैनल अधिवक्ता व अधिकारमित्र की ड्यूटी लगायी गयी तथा वन स्टॉप सेंटर के कार्यरत कर्मचारियों से वार्तालाप कर उनकी समस्या के समाधान हेतु उचित निस्तारण के लिए संबंधित फोरम में पत्राचार कर अपनी बात रखने का परामर्श दिया। इसके उपरांत गैस प्लांट पुलिस चौकी थाना रानीपुर में स्थापित लीगल ऐड क्लिनिक का औचक निरीक्षण किया गया तथा वहां पर संबंधित पैनल अधिवक्ता व अधिकार मित्र के कार्यों की समीक्षा करते हुए, उक्त को उचित कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया।
अंत में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार की मासिक बैठक जिला न्यायालय के सभागार में आयोजित हुई जिसकी अध्यक्षता माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार श्री नरेंद्र दत्त जी के द्वारा की गई। इस बैठक में माननीय सदस्यगण जिला अधिकारी हरिद्वार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट हरिद्वार, सी०एम०ओ० हरिद्वार, जिला शासकीय अधिवक्ता सिविल, फौजदारी, रेवेन्यू, व अध्यक्ष जिला बार एसोसिएशन द्वारा प्रतिभाग कर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की मासिक विधिक गतिविधियों का जायजा लिया गया तथा आगामी माह में होने वाली विधिक गतिविधियों की रूप रेखा तैयार की गई। इस बैठक के साथ पीड़ित प्रतिकर योजना व अंडर ट्रायल रिव्यू कमेटी के तहत लाभार्थियों को आवश्यक लाभ उपलब्ध कराये जाने हेतु परिचर्चा की गयी। इस बैठक का क्रियान्वयन सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार श्रीमती सिमरनजीत कौर द्वारा किया गया।
