फ़ोर्स के जवान ने जहर देकर प्रेमिका की हत्या की, जहर खाकर खुद भी किया जान देने का प्रयास
देहरादून। प्रेम प्रसंग के चलते एक बीएसएफ जवान पर अपनी प्रेमिका को जहर देकर हत्या करने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि बाद में बीएसएफ जवान ने खुद भी जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। जिसके बाद उसका दून अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका के पति की शिकायत के आधार पर कोतवाली डोईवाला में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही आरोपी अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है। उसके स्वस्थ होने के बाद पूछताछ की जाएगी, जिसके बाद ही हत्या के पीछे की वास्तविक वजह पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
मिली जानकारी के अनुसार आरोपी की पत्नी ने पुलिस को सूचना दी कि उसके पति ने फोन कर अपनी लोकेशन भेजी और बताया कि उसने अपनी प्रेमिका की हत्या कर दी है और खुद भी जहर खा लिया है सूचना मिलते ही पुलिस लोकेशन के आधार पर मियांवाला चैक स्थित एक होमस्टे पहुंची। वहां एक कमरे में बीएसएफ जवान 38 वर्षीय निवासी मोहब्बेवाला, क्लेमेंटाउन बेसुध अवस्था में मिला, जबकि 40 वर्षीय महिला निवासी गूलरघाटी, नकरौंदा क्षेत्र मृत मिली।
जिसके बाद पुलिस ने बीएसएफ जवान को नजदीकी अस्पताल और फिर दून अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस द्बारा घटना के संबंध में पूछताछ करने पर प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों के बीच पिछले काफी समय से प्रेम संबंध थे। छुट्टी पर घर आया बीएसएफ जवान पिछले दो दिनों से महिला (प्रेमिका) के साथ होमस्टे में ठहरा हुआ था। वहीं मृतका के पति ने डोईवाला कोतवाली में दी तहरीर में आरोप लगाया कि उसकी पत्नी और बीएसएफ जवान के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था।
इस संबंध की जानकारी आरोपी के परिवार को भी थी। इसी विवाद के चलते बीएसएफ जवान ने महिला (प्रेमिका) को जहर देकर मार डाला और बाद में खुद भी जहर खा लिया। मृतक महिला के पति की शिकायत के आधार पर आरोपी बीएसएफ जवान के खिलाफ कोतवाली डोईवाला में मुकदमा दर्ज किया।
