स्वयंसेवी रक्तदाताओं का हुआ सम्मान, प्रधानाध्यापक दीपक कुमार हुए सम्मानित

0

हरिद्वार। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर हर मिलाप मिशन एवं जिला चिकित्सालय हरिद्वार के ब्लड बैंक परिसर में आयोजित एक गरिमामय समारोह में नियमित रूप से स्वयंसेवी रक्तदान करने वाले रक्तवीरों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर राजकीय प्राथमिक विद्यालय गोविंदपुर के प्रधानाध्यापक दीपक कुमार को उनके निरंतर एवं प्रेरणादायी रक्तदान योगदान के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के संयोजक एवं ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. रविन्द्र चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि “मानव जीवन की रक्षा से बड़ा कोई धर्म नहीं है। रक्तदान एक ऐसा महादान है जो किसी अनजान व्यक्ति के जीवन में आशा का संचार करता है। समाज को ऐसे समर्पित रक्तदाताओं से प्रेरणा लेनी चाहिए, जो बिना किसी स्वार्थ के मानवता की सेवा में निरंतर योगदान दे रहे हैं।”

इस अवसर पर नर्सिंग ऑफिसर श्री शर्मा ने कहा कि “स्वयंसेवी रक्तदाता समाज की अमूल्य धरोहर हैं। इनके द्वारा दिया गया रक्त अनेक परिवारों के लिए जीवन का आधार बनता है। रक्तदान केवल एक चिकित्सीय आवश्यकता नहीं, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व और मानवीय संवेदना का श्रेष्ठ उदाहरण है।”

सम्मान समारोह में वक्ताओं ने कहा कि मानव ईश्वर की श्रेष्ठ कृति है, किन्तु कुछ ही विरले व्यक्ति ऐसे होते हैं जो समाज सेवा और मानव सेवा को अपने जीवन का ध्येय बना लेते हैं। रक्तदान के माध्यम से दूसरों के जीवन में नई आशा का संचार करने वाले ऐसे व्यक्तित्व वास्तव में सम्मान के अधिकारी हैं। रक्तदान के क्षेत्र में उनका योगदान समाज के समक्ष एक अनुकरणीय मिसाल प्रस्तुत करता है तथा नई पीढ़ी को भी इस दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है।

कार्यक्रम में सम्मानित रक्तदाताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा गया कि “समाज और राष्ट्र आपके इस मानवीय योगदान के लिए सदैव कृतज्ञ रहेगा। आप शतायु हों तथा आपका जीवन यश, सेवा और कीर्ति का अमर कलश बने, यही हमारी मंगलकामना है।”

इस अवसर पर अमित कुमार, सतीश, हरीश कुमार, दिनेश लखेड़ा, वर्णिक, मुकेश सहित अनेक समाजसेवी एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का वातावरण मानवता, सेवा और सामाजिक सरोकारों की भावना से ओतप्रोत रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share