खेत में मिला युवक का लहूलुहान शव, हत्या की आशंका

0

हरिद्वार। सोमवार सुबह बहादराबाद थाना क्षेत्र में अतमलपुर बौंगला बाईपास के पास खेत में एक युवक का लहूलुहान शव देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहंुची पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया है। युवक के सिर पर चोट के निशान है। इसलिए युवक की हत्या की आशंका जताई जा रही है। इस मामले में फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया और टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्रित किए।
मिली जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह बौंगला बाईपास के पास रोजाना की तरह ग्रामीण खेतों में काम के लिए गए थे। इसी दौरान एक पौपुलर के खेत में शव पड़ा दिखाई दिया। शव को देखते ही ग्रामीणों के होश उड़ गए। धीरे धीरे मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही बहादराबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने भीड़ से मृतक की शिनाख्त कराने के भी प्रयास किए, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो पाई। मृतक की उम्र करीब 40 वर्ष बताई जा रही है। इस संबध में पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल के आसपास की सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। मौके पर मृतक की जेब से एक मोबाइल फोन और आसपास शराब की खाली बोतलें बरामद हुई हैं। इसलिए पुलिस मामले को हत्या से जुड़ा मानकर जांच को आगे बढ़ा रही है। बहादराबाद थाना प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि मृतक के पास मिले मोबाइल फोन और अन्य सुरागों के आधार पर पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पहचान होने के बाद परिजनों को सूचना दी जाएगी। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Share