आवारा कुत्तों के हमले से 33 भेड़-बकरियों की मौत
देहरादून। सोमवार देर रात डोईवाला स्थित कुड़कावाला बस्ती में आवारा कुत्तों ने जमकर आतंक मचाया। कुत्तों के एक झुंड ने पशुपालक की बाड़ में घुसकर भेड़-बकरियों पर हमला कर दिया। इस हमले में 33 भेड़-बकरियों की मौत हो गई। इससे पशुपालक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
बताया जा रहा है कि पशुपालक जॉनी के पास लगभग 90 भेड़-बकरियां हैं। देर रात अचानक आवारा कुत्तों के झुंड ने बाड़े पर हमला कर दिया। कुत्तों के भौंकने और हमले से सभी पशु बुरी तरह सहम गए और डर के मारे एक-दूसरे के ऊपर चढ़ गए।
इस भगदड़ और दम घुटने से मौके पर ही 33 भेड़-बकरियों की मौत हो गई। मंगलवार की सुबह जब पशुपालक बाड़े में पहुंचा तो नजारा देखकर उसके होश उड़ गए।
घटना की सूचना पर डोईवाला की वरिष्ठ पशु चिकित्सक डॉ पूजा पांडे मौके पर पहुंची और मृत पशुओं का निरीक्षण किया। वरिष्ठ पशु चिकित्सक डॉ. पूजा पांडे ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह आवारा कुत्तों का ही हमला प्रतीत हो रहा है। कुत्तों के हमले के बाद सभी भेड़-बकरियां अत्यधिक डर गईं और एक-दूसरे के ऊपर चढ़ गई। जिसके कारण दम घुटने और चोट लगने से उनकी मौत हुई है। कुछ पशुओं पर कुत्तों के काटने के निशान भी मिले हैं। डॉ पूजा पांडे ने बताया कि मृत पशुओं का पोस्टमार्टम कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। बचे हुए पशु अभी भी डरे हुए हैं। उन्हें उपचार दिया जा रहा है। वहीं पीड़ित पशुपालक जॉनी ने प्रशासन से आवारा कुत्तों के आतंक से निजात दिलाने और हुए नुकसान का उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।
