*जीबीएम कॉलेज की वैष्णवी को बिहार दिवस लघु नाटक प्रतियोगिता में मिला प्रथम स्थान*
*प्रधानाचार्या डॉ सीमा पटेल ने सुश्री वैष्णवी को दीं हार्दिक शुभकामनाएं*
गया जी। गौतम बुद्ध महिला कॉलेज की एनएसएस स्वयंसेवक वैष्णवी को बिहार सरकार एवं एमयू द्वारा पटना के श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल में 22 मार्च से 24 मार्च तक आयोजित तीन दिवसीय बिहार दिवस समारोह 2026 के अंतर्गत आयोजित लघु नाटक प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने के लिए एमयू के कुलपति प्रो शशि प्रताप शाही एवं कुलसचिव डॉ विनोद कुमार मंगलम द्वारा प्रशस्ति प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान करके सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्या डॉ सीमा पटेल ने वैष्णवी की इस उपलब्धि को कॉलेज के लिए हर्ष का विषय बताते हुए हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कॉलेज एवं एमयू द्वारा आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में वैष्णवी की सक्रिय प्रतिभागिता को कॉलेज की सभी छात्राओं के लिए प्रेरक बतलाया। कॉलेज के बर्सर डॉ सहदेब बाउरी, एनएसएस प्रोग्राम अॉफिसर डॉ कुमारी रश्मि प्रियदर्शनी, एनसीसी सीटीओ डॉ नगमा शादाब, प्रीति शेखर, डॉ रूही खातून, रौशन कुमार, अभिषेक कुमार भोलू एवं उपस्थित प्रोफेसरों ने भी सुश्री वैष्णवी को बधाइयाँ देकर उत्साहवर्द्धन किया।
पीआरओ एवं एनएसएस पीओ डॉ रश्मि प्रियदर्शनी ने बतलाया कि सुश्री वैष्णवी एक अति सक्रिय एनएसएस वॉलेंटियर हैं। वर्तमान में वे मनोविज्ञान विभाग की सेमेस्टर टू की छात्रा हैं। एनएसएस इकाई ज्वाइन करने के पूर्व, इंटरमीडिएट कक्षाओं में अध्ययन के दरम्यान वे कॉलेज की एनसीसी इकाई की भी काफी सजग एवं क्रियाशील कैडेट रह चुकी हैं। “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” अभियान के तहत आंध्रप्रदेश में आयोजित एनसीसी के दस दिवसीय राष्ट्रीय शिविर में भी उनकी शानदार प्रतिभागिता कॉलेज परिवार के लिए गौरव का विषय है। बोधगया एवं कैमूर में आयोजित एनसीसी के शिविरों में भाग लेने के साथ वैष्णवी ने रक्तदान शिविरों मे रक्तदान कर चुकी हैं। डॉ रश्मि ने सुश्री वैष्णवी को विभिन्न सांस्कृतिक विधाओं में आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं में कुशल प्रतिभागिता के लिए एनएसएस इकाई के सक्रिय एवं समर्पित स्वयंसेवकों के समूह व उपसमूह बनाने का परामर्श दिया, जिससे कि विभिन्न सांस्कृतिक आयोजनों एवंं प्रतियोगिताओं की सूचना मिलते ही त्वरित रूप से छात्राओं का चयन उनकी रुचि, प्रतिभा, क्षमता एवं सुविधाओं के अनुसार किया जा सके।
