कैंची धाम मार्ग पर गहरी खाई में गिरा टेंपो ट्रैवलर, दो की मौत
नैनीताल। देर रात कैंची धाम से दर्शन कर लौट रहे दिल्ली के पर्यटकों से भरा टेंपो ट्रैवलर ज्योलीकोट में दोगांव के पास अनियंत्रित होकर 60 फीट गहरी खाई में गिर गया। ट्रैवलर में 16 पर्यटक सवार थे, जिनमें से चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को रेस्क्यू कर अस्पताल में भर्ती कराया है। मृतकों की पहचान टेंपो ट्रैवलर चालक हरियाणा के रोहतक निवासी सोनू कुमार (32) और दिल्ली के बदरपुर निवासी गौरव बंसल (पर्यटक) के रूप में हुई है।जानकारी के मुताबिक, दिल्ली के बदरपुर निवासी पर्यटकों का दल बाबा नीब करौरी के दर्शन करने के लिए कैंची धाम आया था। शनिवार देर रात वे टेंपो ट्रैवलर से दिल्ली लौट रहे थे। दोगांव क्षेत्र में मटियाली बैंड पर अचानक वाहन अनियंत्रित होकर करीब 60 फीट गहरी खाई में गिर गया। हादसा होते ही सवारों के बीच चीख पुकार मच उठी।
राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। इसके बाद ज्योलीकोट चैकी इंचार्ज श्याम सिंह बोरा अन्य पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। करीब दो घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों को खाई से निकालकर एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भिजवाया गया है। घायलों में पांच पर्यटक दो निजी अस्पतालों में भर्ती हैं, जबकि अन्य का सुशीला तिवारी अस्पताल में इलाज जारी है।
