विस्थापन नहीं किए जाने से भल्डगांव के लोगों में आक्रोश
नई टिहरी। टिहरी बांध प्रभावित भल्डगांव का विस्थापन नहीं किए जाने से नाराज ग्रामीणों ने 28 अक्तूबर को भागीरथीपुरम में स्थित टीएचडीसी कार्यालय का घेराव करने की चेतावनी दी है। ग्रामीणों का कहना है कि टिहरी बांध की झील के कारण खतरे की जद में आए भल्डगांव का छह बार ड्रोन से सर्वे भी कराया गया है लेकिन अभी तक ग्रामीणों को उस रिपोर्ट से अवगत नहीं कराया गया है।
टिहरी बांध की झील के कारण उत्तरकाशी जिले में चिन्यालीसौड़ तहसील का भल्डगांव खतरे की जद में है। ग्रामीणों का कहना है कि झील के आरएल-850 पर स्थित भल्डगांव के अधिकतर मकानों में दरारें पड़ गई हैं जिससे उन्हें खतरों के साये में रहना पड़ रहा है। पुनर्वास निदेशालय ने गांव के 15 परिवारों का विस्थापन तो कर दिया लेकिन 35 परिवारों को छोड़ दिया है।
ग्रामीणों का कहना हैेेे कि बांध की झील से उत्पन्न खतरे को देखते हुए उत्तरकाशी जिला प्रशासन ने गांव का ड्रोन सर्वे कराया था। उसमें खतरे की पुष्टि की गई है लेकिन सात बार ड्रोन से सर्वे कराने के बाद भी टिहरी जिला प्रशासन व पुनर्वास निदेशालय अभी तक एक भी सर्वे रिपोर्ट की जानकारी ग्रामीणों को नहीं दे पाया है। उन्होंने कहा कि 13 अक्तूबर को जनता मिलन कार्यक्रम में जिला प्रशासन को ज्ञापन देकर सर्वे रिपोर्ट उपलब्ध कराते हुए विस्थापन की कार्यवाही शुरू नहीं करने पर 28 अक्तूबर 2025 को भागीरथीपुरम में स्थित टीएचडीसी कार्यालय का घेराव कर धरना शुरू करने की चेतावनी दी गई थी लेकिन अभी तक सर्वे रिपोर्ट मिल पाई न ही विस्थापन हो पाया। जिससे ग्रामीण 28 अक्तूबर को टीएचडीसी कार्यालय का घेराव कर धरना शुरू किया जाएगा।
