प्रेस क्लब हरिद्वार ने किया संवाद कार्यक्रम का आयोजन, एचआरडीए उपाध्यक्ष IAS अंशुल सिंह रहे संवाद अतिथि

0

विभाग के माध्यम से काफी बजट के कार्य ग्रामीण इलाकों में कर रहे हैं, चूंकि विभाग का बोर्ड नहीं लगाते तो किसी को पता नहीं चल पाता कि कार्य किस ने कराया या करा रहा है :एचआरडीए IAS अंशुल सिंह

हरिद्वार। आज गुरुवार को प्रेस क्लब के तत्वावधान में संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संवाद कार्यक्रम में बतौर अतिथि एचआरडीए उपाध्यक्ष IAS अंशुल सिंह आमंत्रित रहे।
संवाद में अपनी बात कहते हुए उन्होंने एचआरडीए की कार्य योजनाओं और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
इससे पूर्व प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी और महामंत्री दीपक मिश्रा ने पुष्पगुच्छ भेंटकर अतिथि अंशुल सिंह का स्वागत किया। एचआरडीए उपाध्यक्ष अंशुल सिंह ने कहा कि शहर के साथ साथ ग्रामीण क्षेत्रों का विकास करना उनकी प्राथमिकता में शामिल है। और वे विभाग के माध्यम से काफी बजट के कार्य ग्रामीण इलाकों में कर रहे हैं, चूंकि विभाग का बोर्ड नहीं लगाते तो किसी को पता नहीं चल पाता कि कार्य किस ने कराया या करा रहा है। भविष्य में कार्यों के बोर्ड भी लगाने पर विचार किया जाएगा।
श्री सिंह ने बताया एचआरडीए द्वारा नारसन बॉर्डर पर भव्य स्वागत द्वार बनाया जा रहा है। डेढ़ साल से चल रहा स्वागत द्वार का निर्माण कार्य अब अंतिम चरण में है। जल्द ही इसका उद्घाटन किया जाएगा। यह प्रयोग सफल रहा तो अन्य बॉर्डर पर भी स्वागत द्वार बनाए जाएंगे। कांवड़ पटरी पर ग्रीनरी और पेड़ पौधे लगाने के लिए यूपी सिंचाई विभाग को पत्र लिखे गए हैं। डामकोठी का भव्य सौंदर्यकरण किया जाएगा और उसके आसपास पेड़ पौधे लगाए जाएंगे। बताया कि एचआरडीए द्वारा भल्ला कालेज मैदान पर बनाए गए अंतर्राष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट स्टेडियम में वेटरन चैंपियनशिप का सफल आयोजन किया गया। बरसात के दौरान स्टेडियम में कई प्रेक्टिस पिच बनाई जाएंगी। स्टेडियम में पवेलियन बनाने के लिए भी भारत सरकार को पत्र लिखा गया है। पवेलियन बनने के बाद रणजी ट्रॉफी जैसे आयोजन भी हरिद्वार में कराए जाएंगे। बताया कि स्पोर्ट्स कॉम्लेक्स में खिलाड़ियों के लिए विशेष छूट दी जा रही है। आसपास के स्कूलों के 100 बच्चों को निःशुल्क प्रैक्टिस कराई जाएगी। बच्चों को खेल का सामान और ड्रेस भी दी जाएंगी। इसके अलावा शंकराचार्य चौक पर फ्लाईओवर के नीचे बनाए गए स्पोर्ट्स जोन में बच्चे खेल रहे हैं, जिसे देखकर अच्छा लगता है। भूपतवाला में भी इसी तरह स्पोर्ट्स जोन और पार्किंग डेवलप कराने की योजना गतिमान है। बताया कि एचआरडीए द्वारा रोड़ीबेलवाल पार्किंग बनाकर पूरे क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। हरिद्वार मास्टर प्लान में उस क्षेत्र को और भी ज्यादा विकसित किया जाएगा। विकास की योजनाएं स्कूलों में चलाई जाएंगी। ग्रामीण क्षेत्रों में सोलर लाइट लगाई जा रही हैं और पार्क भी विकसित किए जा रहे है। इस योजना में जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों को भी शामिल किया जाएगा। अगले दो महीने में गांवों में भी खेल के मैदान बनाए जाएंगे। जिसमें गांव के युवा खेल के साथ साथ अग्निवीर जैसी परीक्षाओं की तैयारी कर सकते हैं। विभिन्न आवासीय योजनाओं से लोगों को लाभान्वित किया जा रहा है। गंगा व्यू और इंद्रलोक लोक आवासीय योजना 2 भी प्रस्तावित है जिस पर काम किया जा रहा है।
इस दौरान उन्होंने पत्रकारों के प्रश्नों का उत्तर देते हुए उनकी जिज्ञासा शांत करने का प्रयास किया।
संवाद के अंतिम चरण में वरिष्ठ पत्रकार प्रो.एसएस जायसवाल,संजय आर्य, रामचंद्र कन्नौजिया, रजनीकांत शुकल, आदेश त्यागी, गुलशन नैय्यर ने स्मृति चिन्ह भेंटकर और शॉल ओढ़ाकर एचआरडीए उपाध्यक्ष अंशुल सिंह को सम्मानित किया।
इस अवसर बड़ी संख्या में प्रेस क्लब सदस्य एवं अन्य पत्रकार, मीडिया कर्मी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Share