हिमाचल से भूसे की आड़ में ले जाए जा रही अवैध शराब बरामद, दो गिरफ्तार
रुद्रप्रयाग। हिमाचल से भूसा लेकर केदारनाथ यात्रा मार्ग के गौरीकुंड पहुंचे ट्रक से पुलिस ने 24 पेटी अवैध शराब बरामद की। पुलिस ने शराब तस्करी में दो नेपाली मूल के नागरिकों को गिरफ्तार किया है।
रुद्रप्रयाग पुलिस ने गौरीकुंड में हिमाचल प्रदेश के एक ट्रक को पकड़ा, जिसमें भारी मात्रा में शराब मिली है। पुलिस की जांच में सामने आया कि नेपाली मूल के प्रमोद गंधर्वा पुत्र रूपलाल गाई हाल निवासी मनाली और चेतन पुत्र खुम बहादुर निवासी मनाली हिमाचल प्रदेश इस ट्रक को लेकर आए हैं और इसमें भूसे के अंदर शराब छिपाकर रखी है। पुलिस चेकिंग में कुल 24 पेटी (288 बोतल) शराब बरामद हुई। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। जबकि ट्रक को सीज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रह्लाद कोंडे ने बताया कि यात्राकाल में अब तक पुलिस स्तर से आबकारी अधिनियम के तहत कुल 21 मुकदमे दर्ज कर 1526 बोतल शराब की बरामदगी की गई है और 26 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद की गई शराब की अनुमानित मूल्य करीब 10 लाख रुपए है।
