*जीबीएम कॉलेज ने मनाया अपना 73वाँ स्थापना दिवस *

0

*-अंग्रेजी विभाग एवं राजनीति विज्ञान विभाग द्वारा आयोजित हुई भाषण प्रतियोगिता*

गया जी। गौतम बुद्ध महिला कॉलेज के 73वें स्थापना दिवस समारोह के तहत कॉलेज के अंग्रेजी विभाग एवं राजनीति विज्ञान विभाग द्वारा आईक्यूएसी के तत्वावधान में एवं प्रभारी प्रधानाचार्य डॉ सहदेब बाउरी के संरक्षण में “रोल अॉफ वीमेन इन द कन्जर्वेशन अॉफ नेचर” विषय पर स्पीच कम्पटीशन का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों की छात्राओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का संयोजन, समन्वयन एवं संचालन नैक समन्वयक व राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. शगुफ्ता अंसारी एवं अंग्रेजी विभागाध्यक्ष व पीआरओ डॉ कुमारी रश्मि प्रियदर्शनी ने संयुक्त रूप से किया। निर्णायक मंडल के सदस्यों में डॉ पूजा, डॉ प्यारे मांझी, एवं डॉ फरहीन वज़ीरी रहीं।

कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. रश्मि के नेतृत्व में अंग्रेजी विभाग की छात्रा अन्या, हर्षिता, स्तुति, तान्या, स्वाति, निधि प्रिया एवं दीपशिखा मिश्रा द्वारा हारमोनियम पर महाविद्यालय कुलगीत एवं सरस्वती वंदना “ज्ञान दे, सुरतान दे, माँ शारदे वरदान दे” की सुमधुर प्रस्तुति से हुआ। तत्पश्चात प्रभारी प्रधानाचार्य प्रो. बाउरी, रसायनशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. अफशां सुरैया सहित सभी प्रोफेसरों एवं छात्राओं ने कॉलेज की संस्थापक प्रधानाचार्य श्रीमती सावित्री महाजन के छायाचित्र पर माल्यार्पण करके पुष्पांजलि अर्पित की। दीप प्रज्वलन के उपरांत भाषण प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें छात्राओं ने “प्रकृति संरक्षण में महिलाओं की भूमिका” विषय पर अपने सारगर्भित विचार रखे।

निर्णायक मंडल द्वारा प्रदत्त अंकों के आधार पर प्रतियोगिता में छात्रा नैना कुमारी प्रथम, श्रुति कुमारी द्वितीय तथा मानसी कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं। प्रभारी प्रधानाचार्य डॉ बाउरी ने सभी प्रतिभागी छात्राओं एवं विजेताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। प्रभारी प्रधानाचार्य डॉ बाउरी ने कॉलेज के गौरवशाली इतिहास पर विचार रखते हुए घोषणा की कि प्रतिवर्ष कॉलेज के स्थापना दिवस पर श्रीमती सावित्री महाजन मेमोरियल लेक्चर का आयोजन किया जायेगा। उन्होंने कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्यों के योगदानों को याद करते हुए कॉलेज की वर्तमान उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।

डॉ शगुफ्ता ने श्रीमती महाजन की दूरदर्शिता, प्रतिबद्धता, मार्गदर्शन, दृढ़संकल्प को नमन करते हुए कॉलेज के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। डॉ. रश्मि ने 14 अगस्त 1953 को कॉलेज के स्थापना दिवस से लेकर 14 अगस्त 2025 तक कॉलेज द्वारा तय की गयी बहुआयामी यात्रा के दरम्यान आने वाली विभिन्न समस्याओं, चुनौतियों एवं विपरीत परिस्थितियों की चर्चा करते हुए कहा कि वर्तमान समय में कॉलेज की सभी छात्राओं का यह दायित्व है कि वे सभी कॉलेज की गरिमा एवं प्रतिष्ठा को अपनी प्रतिभा, मेहनत, कर्तव्यनिष्ठा, अध्ययनशीलता और लगन द्वारा निखारें। शैक्षणिक तथा सह-शैक्षणिक सभी तरह की गतिविधियों में बढ़चढ़कर भाग लें। अपने भविष्य को संवारें, करियर पर ध्यान दें, तथा मिलने वाले शिक्षा के सभी अवसरों का यथासंभव लाभ उठायें।

कार्यक्रम को प्रो. अफशां सुरैया, प्रीति शेखर, डॉ सपना पांडे, डॉ. पूजा, डॉ वज़ीरी, डॉ मांझी, डॉ प्रियंका, एवं अफशां नाहिद ने भी संबोधित किया। सभी ने छात्राओं को कॉलेज नियमित रूप से आकर पठन-पाठन का लाभ उठाने का निर्देश दिया। धन्यवाद ज्ञापन एनएसएस पदाधिकारी डॉ प्रियंका कुमारी ने किया। समारोह में डॉ जया चौधरी, डॉ रुखसाना परवीन, डॉ. नुद्रतुन निसां, डॉ आशुतोश कुमार पांडे, डॉ शुचि सिन्हा, डॉ सीता, डॉ प्रमिला कुमारी, डॉ वीणा जायसवाल, डॉ विजेता लाल, डॉ फातिमा, अभिषेक कुमार, नीरज कुमार, रौशन, अजय कुमार, राजेश कुमार सहित अनेक छात्राओं की उपस्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Share