जिलाधिकारी से कर्मचारी एवं शिक्षकों की विभिन्न मांगो पर विचार विमर्श किया

0

Haridwar, soul of india। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में उत्तरांचल (पर्वतीय) कर्मचारी- शिक्षक, संगठन हरिद्वार का औपचारिक संवाद आज कलेक्ट्रेट रोशनाबाद स्थित जिलाधिकारी के कक्ष में संपन्न हुआ जिसमें संगठन के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी महोदय से कर्मचारी एवं शिक्षकों की विभिन्न मांगो पर विचार विमर्श किया। सर्वप्रथम पुष्प गुच्छ द्वारा जिलाधिकारी महोदय का स्वागत किया गया।
वार्ता के क्रम में जिलाधिकारी महोदय से मांग की गई कि उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मचारियों का वेतन भुगतान नियमित रूप से किया जाए एवं वेतन समस्या का स्थाई समाधान निकाला जाए।
संगठन ने जिलाधिकारी महोदय से मांग की कि कावड़ मेला 2025 के दौरान जनपद हरिद्वार में विभिन्न विभागों के कर्मचारियों, अधिकारियों, स्वास्थ्य कर्मियों, सुरक्षा कर्मियों एवं स्वयंसेवकों हेतु आधिकारिक परिचय पत्र जारी किए जाएं ताकि उन्हें आवागमन में कोई असुविधा न हो और मेला व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित किया जा सके।
संगठन ने अपना पक्ष रखते हुए जिलाधिकारी महोदय से कहा की कावड़ मेला में विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, सुरक्षाकर्मी स्वास्थ्य कर्मी, सफाई कर्मी एवं स्वयंसेवक बड़ी संख्या में अपनी सेवाएं देंगे। मेले के दौरान बहुत अधिक भीड़, सड़क दुर्घटनाएं, जल भराव, स्वास्थ्य संबंधी संकट एवं अन्य आकस्मिक घटनाओं की संभावनाएं बनी रहती हैं। मांग की गई की ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों के लिए 50 लख रुपए का आकस्मिक दुर्घटना बीमा अनुमन्य किया जाए।
संगठन द्वारा जिलाधिकारी महोदय से जनपद के कर्मचारियों को मेला भत्ता अनुमन्य किए जाने की भी मांग की गई। जिलाधिकारी महोदय से संगठन द्वारा मांग की गई कि कावड़ मेला समापन पर लघु शिवरात्रि/ जलाभिषेक के दिन संपूर्ण जनपद के कर्मचारियों हेतु अवकाश घोषित किया जाए।
संगठन के साथ जिलाधिकारी महोदय की त्रैमासिक वार्ता आयोजित करने की मांग भी की गई।
बहादराबाद एवं भगवानपुर टोल प्लाजा को जनपद के कर्मचारी एवं शिक्षकों के लिए निशुल्क किए जाने की मांग संगठन द्वारा की गई।
जनपद के सभी कार्यालयों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की मांग संगठन द्वारा की गई जिससे कार्यालय कार्यों में पारदर्शिता बनी रहे तथा सुरक्षा व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया जा सके। अत्यधिक गर्मी के कारण जनपद के सभी सरकारी कार्यालयों- अधिकारियों एवं कर्मचारी कक्षों में कूलर अथवा एयर कंडीशनर की समुचित व्यवस्था किए जाने की मांग संगठन द्वारा जिलाधिकारी महोदय से की गई। जिलाधिकारी महोदय ने सभी बिंदुओं को सौहार्द पूर्वक सुना एवं सकारात्मक दृष्टिकोण दिखाते हुए बहुत जल्द ठोस कार्यवाही का आश्वासन दिया।
वार्ता में उत्तरांचल पर्वतीय कर्मचारी शिक्षक संगठन के जिलाध्यक्ष ललित मोहन जोशी, जिला महामंत्री चौधरी अनिल कुमार, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष ब्रिजेश कुमार, जिला उपाध्यक्ष खीमानंद भट्ट, जिला संयुक्त मंत्री मनोज चंद, जिला संयुक्त मंत्री देवेंद्र सिंह रावत, जिला संगठन मंत्री रईस अहमद, उत्तरांचल फेडरेशन ऑफ मिनिस्ट्रियल एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष सईद अहमद, कलेक्ट्रेट मिनिस्ट्रियल एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष नवीन शर्मा, समीर पांडे आदि पदाधिकारी गण उपस्थित रहे।

पश्चात संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने कोषाधिकारी सतेन्द्र डबराल जी से मुलाकात की और उन्हें अवगत कराया गया कि विद्यालय संचालन के लिए व्यवस्था अथवा प्रतिनियुक्ति पर राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान और परियोजना के अंतर्गत कार्य करने वाले शिक्षकों की एनपीएस पासबुक कोषागार द्वारा वेरीफाई न किए जाने के कारण पुरानी पेंशन योजना से आच्छादित शिक्षकों का फंड ट्रांसफर एवं अन्य पुरानी पेंशन योजना के लाभ उनको नहीं मिल पा रहे हैं। साथ ही कुछ सेवा निवृत शिक्षकों को जो की राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान एवं परियोजना कार्यालय में कार्यरत थे उनके पेंशन एवं सेवानिवृत्तिक लाभ उनको लंबे समय से नहीं मिल रहे हैं। कोषाधिकारी महोदय ने सक्षम स्तर पर बातचीत कर इस समस्या के समाधान में सहयोग देने का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Share