साइकिल से निकले डायट प्राचार्य, नए सत्र में विद्यालयों का किया अनुश्रवण
।
रुड़की। नवीन शैक्षिक सत्र के आरंभ के साथ ही डायट रुड़की के प्राचार्य श्री मैराज अहमद ने सराहनीय पहल करते हुए साइकिल से नगर क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों का अनुश्रवण किया। उनकी यह पहल शिक्षा विभाग में चर्चा का विषय बनी हुई है तथा इसे सादगी और सक्रिय नेतृत्व का उदाहरण माना जा रहा है।
प्राचार्य श्री अहमद ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय संख्या-18 रुड़की, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रामनगर तथा राजकीय कन्या इंटर कॉलेज रुड़की का निरीक्षण किया। इसके साथ ही उन्होंने डायट परिसर का भी साइकिल से ही भ्रमण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालयों की शैक्षिक व्यवस्था, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति तथा मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया।
प्राचार्य ने शिक्षकों से संवाद करते हुए नए सत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में नियमित उपस्थिति, स्वच्छ वातावरण एवं बेहतर शिक्षण पद्धति पर विशेष ध्यान दिया जाए, जिससे विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।
साइकिल से किया गया यह अनुश्रवण पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के साथ-साथ अधिकारियों की जमीनी स्तर पर सक्रियता को भी दर्शाता है। स्थानीय शिक्षकों एवं अभिभावकों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे प्रेरणादायी बताया।
शिक्षा क्षेत्र से जुड़े लोगों का मानना है कि इस प्रकार की पहल से विद्यालयों में सकारात्मक माहौल बनेगा और शिक्षण व्यवस्था में और अधिक सुधार आएगा।
