दो दिनों से लापता किशोर का शव झाड़ियों में मिला, घर से टहलने के लिए निकला था कुणाल
हरिद्वार। कनखल इंद्रा बस्ती में श्रीयंत्र मंदिर के पास एक नाबालिग बच्चे का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 15 वर्षीय कुणाल सैनी के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को चेक किया जा रहा है और कुणाल के दोस्तों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द घटना का खुलासा कर दिया जाएगा। जानकारी के मुताबिक रोहताश सैनी मूलरूप से लक्सर के रहने वाले हैं और पिछले कई सालों से वो कनखल की इंद्रा बस्ती में रह रहे थे। दो दिन पहले उनका 15 वर्षीय बेटा कुणाल सैनी घर से टहलने के लिए निकला था और परिजनों को बताया कि वो थोड़ी देर में वापस आ जाएगा। रात तक घर नहीं लौटा तो परिजन उसकी तलाश में जुट गए। परिजनों आसपास के लोगों और रिश्तेदारों से भी पूछताछ की, लेकिन उसका कोई पता नहीं लगा।
जब कहीं कुछ पता नहीं चल पाया तो उन्होंने कनखल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने भी बच्चे की खोजबीन में जुटी थी। घर से थोड़ी ही दूरी पर श्रीयंत्र मंदिर के पास झाड़ियों में कुणाल का शव पाया गया। शव मिलने की सूचना पर क्षेत्र में सनसनी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। शव को देखकर परिजनों में चीख पुकार मच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि किशोर के मौत के कारणों की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला जा रहा है। फिलहाल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह पता चल पाएगी। गहनता से मामले की जांच जारी है, जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
