जगजीतपुर में स्कूलों के समीप संचालित शराब की दुकानों को वहां से शीघ्र हटाए जाने को लेकर मुखर हुए पार्षद एडवोकेट सुमित त्यागी

0

वार्ड में किए जा रहे सीवर लाइन कार्यों में भी लगाया मनमानी का आरोप

सूर्यकांत बेलवाल, हरिद्वार। जनहित के मुद्दों को लेकर मुखर रहने वाले वार्ड 58 राजा गार्डन के पार्षद एडवोकेट सुमित त्यागी ने पत्रकारों से मुखातिब होते हुए कहा कि जगजीतपुर स्थित शराब के ठेके के स्कूलों के बिल्कुल समीप होने से इसका स्कूली बच्चों पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है, उनका बाल मन कभी भी नशे जैसी बुरी आदतों की ओर भटक सकता है, उनके नैतिक मूल्यों का पतन हो सकता है, इस विषय पर गम्भीरता दिखाते हुए या तो इस शराब के ठेके या दुकान को तत्काल बंद किया जाए या अन्यत्र शिफ्ट किया जाए, उन्होंने कहा कि पुलिस के साथ साथ उन्होंने प्रदेश के आबकारी आयुक्त को भी इस बाबत पत्र लिखा है। वह जिलाधिकारी से भी मिलकर अपनी समस्या बताएंगे।
वहीं उन्होंने क्षेत्र की सभी कालोनियों को सीवर सुविधा का लाभ देने, वार्ड में सिंचाई विभाग सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने और वन्य जीवों को आबादी में आने से रोकने के लिए संबंधित विभागों से तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है। जनहित के मुद्दों पर मुखर पार्षद श्री त्यागी ने कहा कि जनता कि उचित मांगों की गंभीरता समझता हुए उन पर तत्काल कार्यवाही की जानी चाहिए, उसकी समस्या का निदान किया जाना चाहिए, जनता को आंदोलन या अनशन की नौबत नहीं आने देने चाहिए, नेपाल हमारे सामने उदाहरण है ।

आज प्रेस क्लब हरिद्वार में पत्रकारों से वार्ता करते हुए कांग्रेस के युवा पार्षद सुमित त्यागी ने कहा कि संबंधित अधिकारियों से निरंतर पत्राचार और शिकायत दर्ज कराने के बाद भी समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा है।
नमामि गंगे योजना के तहत डाली जा रही सीवर लाइन में वार्ड 58 के कई इलाकों को छोड़ दिया गया है। जिन इलाकों को छोड़ दिया गया है उनको लेकर अधिकारियों द्वारा कहा जा रहा है कि सर्वे के दौरान उक्त कॉलोनियों मौजूद नहीं थी, इनमें अभी सीवर लाइन देना संभव नहीं। जबकि सीवर सभी के लिए आवश्यक है जिसे बाद में डालना कठिन हो जाएगा। हम सभी कॉलोनियों सीवर को लेकर लड़ाई जारी रखेंगे और किसी के साथ अन्याय नहीं होने देंगे।
उन्होंने कहा कि जगजीतपुर में एक दर्जन के लगभग स्कूल हैं, राजकीय मेडिकल कालेज और आवासीय कालोनियां हैं ऐसे में उनके बीच में शराब की दुकानों को संचालित कर वहां का माहौल खराब किया जा रहा है, शराब पीकर बेतरतीब इधर उधर गिरे पड़े लोगों की वजह से स्कूली बच्चों की मानसिकता पर बुरा असर पड़ता है, वहीं वहां से आने जाने वाली सभ्रांत महिलाओं को शर्म व डर का सामना करना पड़ता है, रात के समय वहां अफरा तफरी का माहौल बना रहता है, ठेके की वजह से वहां का माहौल खराब हो रहा है। अतः ठेके को तत्काल अन्यंत्र विस्थापित किया जाए। एडवोकेट त्यागी ने कहा कि संबंधित विभाग द्वारा शीघ्र ऐसा नहीं किया गया तो वह अपने साथियों सहित उग्र आंदोलन, अनशन आदि के लिए बाध्य होंगे, परिणाम जो भी हम भुगतने को तैयार हैं, पर समाज हित के कार्यों से पीछे नहीं हटा जाएगा।
वहीं अन्य समस्या पर उन्होंने कहा कि विश्व बैंक द्वारा पोषित पेयजल योजना के तहत आ रहे बिलों में भारी अनियमिताएं हैं। तय किए गए मानकों के तहत 215 रु प्रतिमाह के विपरीत किसी भी राशि के बिल उपभोक्ताओं को भेजे जा रहे हैं। कोई मकान पर रहता नहीं फिर भी उसका कनेक्शन स्वयं ही दिखा कर मनमानी राशि का बिल भेजा जा रहा है । बिलों की मनमानी से लोग परेशान हो रहे हैं। पार्षद सुमित त्यागी ने कहा कि क्षेत्र में सिंचाई विभाग की सरकारी भूमि पर किए जा रहे अवैध कब्जों को हटाने के लिए उन्होंने विभाग को पूर्व में पत्र लिखा। लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। वहीं जगजीतपुर क्षेत्र में जंगली हाथी रोजाना रिहाइशी इलाकों में आ रहे हैं। मगर मच्छ भी आ रहे हैं वन विभाग को कई बार अवगत कराने के बाद भी जंगली जानवरों को रोकने के लिए कोई प्रभावी कदम अब तक नहीं उठाए गए हैं। पार्षद त्यागी ने मौजूद साथियों के साथ चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
पत्रकारवार्ता के दौरान सन्नी कुमार, अरविंद शर्मा, सौरभ सिंह, अभिषेक भाटी, आशीष चौधरी, जोनी, सागर सैनी, नरेश सेमवाल, लक्की महाजन, रोहित, बादल त्यागी सहित कई लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Share