ब्रह्म आत्म भवन की संपत्ति पर कथित भू-माफियाओं की नजर! महंत मनोज कुमार मनोजानंद ने की सुरक्षा एवं आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग
हरिद्वार। श्रवणनाथ नगर स्थित प्रसिद्ध ब्रह्मआत्म भवन की संपत्ति को लेकर विवाद की आशंका जताते हुए आश्रम के महंत एवं उत्तराधिकारी मनोज कुमार मनोजानंद ने आरोप लगाया है कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति भवन की संपत्ति के आसपास अनावश्यक रूप से घूमते नजर आ रहे हैं। उन्हें आशंका है कि कुछ भूमाफिया एवं संपत्ति पर अवैध कब्जा करने की मंशा रखने वाले लोग जालसाजी के माध्यम से संपत्ति हड़पने का प्रयास कर सकते हैं।

महंत मनोज कुमार मनोजानंद ने इस संबंध में पुलिस को संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों की सूचना देते हुए सुरक्षा एवं आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि संपत्ति के आसपास घूम रहे अज्ञात एवं संदिग्ध लोगों की गतिविधियां चिंता का विषय हैं। ऐसी आशंका है कि कोई व्यक्ति फर्जी दस्तावेजों अथवा धोखाधड़ी का सहारा लेकर संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर सकता है। उन्होंने अपने तथा अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर भी चिंता व्यक्त की है।महंत मनोज कुमार मनोजानंद ने स्पष्ट किया कि ब्रह्म आत्म भवन की संपत्ति पर उनका उत्तराधिकार श्री महंत जयरामानंद जी महाराज की अंतिम वसीयत एवं उनके द्वारा प्रदान की गई महंताई के आधार पर है। उन्होंने कहा कि संपत्ति से संबंधित वैधानिक अधिकारों एवं दस्तावेजों का सम्मान किया जाना चाहिए तथा किसी भी प्रकार की जालसाजी, धोखाधड़ी या अवैध कब्जे के प्रयास को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि भवन के आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की फर्जीवाड़े या अवैध कब्जे की कोशिश की निष्पक्ष जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
महंत मनोज कुमार मनोजानंद ने कहा कि ब्रह्म आत्म भवन की संपत्ति की सुरक्षा और अपने परिवार की सलामती उनकी प्राथमिकता है। किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में लेने अथवा कथित रूप से फर्जी दस्तावेजों के सहारे संपत्ति पर कब्जा करने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।
