‘सुरक्षित बचपन अभियान’ (फेज-1) के समापन पर छठे दिन 32 से अधिक विद्यालयों में लगभग 26,000 छात्र-छात्राओं को किया गया जागरूक, दिलाई गई राष्ट्रीय एकता की शपथ
हरिद्वार. माननीय राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं माननीय राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के तत्त्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार द्वारा संचालित बहुचर्चित ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के प्रथम चरण (Phase-1) का आज दिनांक 31 अक्टूबर 2026 को सफलतापूर्वक समापन हो गया है। अभियान के छठे और अंतिम दिन संपूर्ण जनपद हरिद्वार के 32 से अधिक विद्यालयों में लगभग 26,000 छात्र-छात्राओं को विधिक रूप से जागरूक किया गया।

इस अवसर पर माननीय जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार, श्री नरेंद्र दत्त जी द्वारा डिवाइन लाइट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, जगजीतपुर, कनखल, हरिद्वार में ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के तहत विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने उपस्थित छात्र-छात्राओं को पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) एवं बालकों के विधिक अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही, राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर सरदार वल्लभभाई पटेल की स्मृति में सभी विद्यालयों के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम के क्रम में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार, श्रीमती सिमरनजीत कौर द्वारा बच्चों को साइबर क्राइम, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से मिलने वाली निःशुल्क विधिक सहायता, तथा बाल अधिकारों के बारे में अवगत कराया गया। इसके अतिरिक्त बच्चों को आपातकालीन सहायता हेतु चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930, एवं नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 की विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान पुलिस लाइन के इंचार्ज भी उपस्थित रहे, जिनके द्वारा बच्चों को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण बातें बताई गईं।
सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा ओलिविया इंटरनेशनल स्कूल (राजा गार्डन, कनखल) एवं मातृ आंचल कन्या विद्यापीठ (कनखल) में आयोजित शिविरों में भी छात्र-छात्राओं को पॉक्सो एक्ट, नालसा हेल्पलाइन 15100 और अन्य हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी प्रदान कराई गई। इसके साथ ही, हरिद्वार के अन्य माननीय न्यायिक अधिकारीगण द्वारा भी स्कूलों में शिविर आयोजित कर छात्र छात्राओं को कानूनी जानकारी प्रदान कराई गई।
इसी क्रम में रुड़की तहसील व लक्सर तहसील के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के विद्यालयों में भी माननीय न्यायिक अधिकारियों द्वारा ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के तहत शिविर आयोजित कर विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। इन सभी शिविरों में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पैनल अधिवक्ताओं तथा अधिकार मित्रों/पी.एल.वी. (PLV) द्वारा उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया गया।
अभियान में शामिल प्रमुख विद्यालय:
इस वृहद अभियान के तहत स्कूलॉर्ज एकेडमी रुड़की, सावित्री शिक्षा सदन इंटर कॉलेज रावली महदूद, रा०उ०मा०वि० तसौलास्वां, स्वामी दर्शनानंद इंटर कॉलेज गुरुकुल महाविद्यालय ज्वालापुर, मनु मंदिर उ०मा०वि० भगवानपुर जेतावाला बहादराबाद, रनदीप एकेडमी उ०मा०वि० बहादराबाद, माता वैष्णोदेवी जूनियर हाई स्कूल बहादराबाद, नसीमा बेगम जूनियर हाई स्कूल गढ़मीरपुर हरिद्वार, विद्या विहार एकेडमी हाई स्कूल गुघ्गल रोड ज्वालापुर, गोस्वामी प्रीतम लाल मेमोरियल हाई स्कूल हरिद्वार, रायल जू०हा० धनपुरा, दारुल उलूम अरबिया जू०हा० स्कूल मुकदीपुर, दीक्षा पब्लिक हाई स्कूल धनपुरा, के०जी०एन० हाई स्कूल तस्सूदनपुर, नूरानी पब्लिक हाई स्कूल कोटा मुरादपुर, हायर सेकेंडरी स्कूल गुरुकुल कांगड़ी, देवभूमि इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल रावली महदूद हरिद्वार, आदर्श बाल विद्यालय जू०हा० कोटा मुरादपुर बहादराबाद, गुरु द्रोण पब्लिक हाई स्कूल बौंसक्ता बहादराबाद, मकसूद मेमोरियल हाई स्कूल इब्राहिमपुर बहादराबाद, गुरु नानक एकेडमी सेक्टर 2 बी०एच०ई०एल० रानीपुर हरिद्वार सहित रुड़की, लक्सर और भगवानपुर क्षेत्र के अन्य राजकीय एवं अशासकीय विद्यालय, इंटर कॉलेज और जूनियर हाई स्कूल शामिल रहे।
