भागीरथ महोत्सव में सजेगी सुरों की महफिल
तीन दिन तीन सितारों का होगा धमाल, 5 नवंबर को आयोजित गढ़वाली म्यूजिकल नाइट में उत्तराखंड की लोकप्रिय लोकगायिका मंजू नौटियाल और गायक अमित खरे अपनी प्रस्तुतियों से लोकसंस्कृति के रंग बिखेरेंगे
1, 3 और 5 नवंबर को ममता भारद्वाज, राधा श्रीवास्तव और मंजू नौटियाल की प्रस्तुतियां; दर्शकों के लिए प्रवेश निःशुल्क
हरिद्वार। भेल क्षेत्र के धीरवाली रोड स्थित सीएफएफपी (फाउंड्री) गेट के सामने आयोजित भागीरथ महोत्सव मेला 3.0 में अगले तीन दिन संगीत और सुरों का शानदार संगम देखने को मिलेगा। मेले में ममता भारद्वाज, राधा श्रीवास्तव और मंजू नौटियाल अपनी प्रस्तुतियों से सांस्कृतिक संध्या को यादगार बनाएंगी।
भागीरथ जनकल्याण सेवा समिति (रजि.), हरिद्वार के अध्यक्ष मनोज मोहन यादव ने बताया कि 1 नवंबर को सारेगामा फेम ममता भारद्वाज अपनी सुरीली आवाज का जादू बिखेरेंगी। वहीं, 3 नवंबर को भोजपुरी नाइट में इंडियन आइडल फेम राधा श्रीवास्तव अपनी गायकी से दर्शकों को झूमने पर मजबूर करेंगी। इसके अलावा 5 नवंबर को आयोजित गढ़वाली म्यूजिकल नाइट में उत्तराखंड की लोकप्रिय लोकगायिका मंजू नौटियाल और गायक अमित खरे अपनी प्रस्तुतियों से लोकसंस्कृति के रंग बिखेरेंगे।
समिति के उपाध्यक्ष तरुण शुक्ला ने बताया कि सभी सांस्कृतिक कार्यक्रम शाम सात बजे से शुरू होंगे। दर्शकों के लिए प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से परिवार सहित मेले में पहुंचकर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लेने की अपील की।
उल्लेखनीय है कि भागीरथ महोत्सव मेला 3.0 का आयोजन 6 अक्टूबर से 6 नवंबर 2026 तक किया जा रहा है। मेले में मनोरंजन, खरीदारी और सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ विभिन्न आकर्षण लोगों के बीच खासे लोकप्रिय हो रहे हैं।
