उत्तराखण्ड के गांव सोन्नी की यशोकीर्ति में एक और सितारा, यह रिश्ता क्या कहलाता है की नायिका नायरा!
कुछ समय पूर्व बातचीत में भाभीश्री लतारेखाजी धर्मपत्नी डॉक्टर दिनेश प्रसाद जोशी पूर्व चेयरमैन, लोक सेवा आयोग ने बातचीत में शिवांगी जोशी की अभिनय कला विषय में विस्तार से चर्चा की।

कला जगत में शिवांगी मानसिक बौद्धिकता के साथ साथ ही शारीरिक सौंदर्यता जिसे फिल्मी डायलॉग में Beauty with Brain कहा जाता है, की स्वामिनी भारतीय टेलीविजन की प्रसिद्ध अभिनेत्री है। शिवांगी ने सन् 2013 में छोटे पर्दे पर अपने अभिनय की शुरुआत की और अपनी कला प्रतिभा का ऐसा लोहा मनवाया कि फिर कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। 18 मई 1998 को जन्मी शिवांगी स्टार प्लस के सीरियल यह रिश्ता क्या कहलाता है, में दोहरी भूमिका से शोहरत की बुलंदी तक पहुंची है। और नायरा उपनाम से देश भर में जानी पहिचानी जाती है। इस वक्त वह छोटे पर्दे की सबसे मशहूर, सफल और महंगी अभिनेत्रियों में से एक है।
शिवांगी जोशी हमारे गांव सोन्नी की सौंधी मिट्टी की खुशबू की एक कुशल प्रतिभाशाली महक है और वर्तमान में मुंबई में अपनी कला से दर्शकों के मस्तिष्क पर राज कर रही है। शिवांगी हमारे चाचा श्री नत्थीराम जोशीजी की पोती है। उनके तीन पुत्रों और तीन पुत्रियों में छोटे पुत्र सुमन प्रकाश एवं श्रीमती यशोदा जोशी की बेटी है। शिवांगी अपनी बहन शीतल और भाई समर्थ से बड़ी है। गांव के प्रति भी उसका असीम लगाव है और कला जगत में व्यस्तता के बावजूद भी वह लगभग हर साल विशेष कर मार्च में गांव आती जाती रहती है और वहां की सभ्यता संस्कृति को भी आत्मसात करती रहती है ।
डॉ० हरिनारायण जोशी अंजान
