तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने की जबरदस्त टक्कर में तीन की मौत,छह घायल

0

हरिद्वार। जनपद के रुड़की क्षेत्र में बीती देर रात तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गयी। जबकि छह अन्य घायल हो गए। जिन्हे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि टक्कर लगने के बाद चारों बाइकें बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गईं, सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है और मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार पिरान कलियर कांवड़ पटरी मार्ग पर शुक्रवार देर रात चार मोटरसाइकिलें कांवड़ पटरी से गुजर रही थी, इसी दौरान चारों मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चारों बाइक बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गईं।
वहीं हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसा होने के बाद मौके पर राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। हादस की सूचना मिलते ही तत्काल पिरान कलियर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी और रुड़की सिविल लाइन कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायलों को उपचार के लिए 108 की मदद से रुड़की के सिविल अस्पताल पहुंचाया।
जहां पर अस्पताल के चिकित्सकों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि छह घायलों का उपचार शुरू किया गया, जिनमें से एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। सड़क हादसे में मृतकों की पहचान अयान (उम्र 18 वर्ष) पुत्र शहजाद निवासी बिझोली कोतवाली मंगलौर, राजू (उम्र 24 वर्ष) पुत्र कदम सिंह, और राजीव (उम्र 18 वर्ष) पुत्र मोल्हड सिंह निवासी रहमतपुर कोतवाली पिरान कलियर हुई है। वहीं हादसे में घायल आदित्य चंद्रा (उम्र 25 वर्ष) पुत्र सुरेंद्र निवासी खंजरपुर, गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें एम्स हॉस्पिटल के लिए रेफर किया गया है, अन्य घायलों का उपचार अस्पताल में चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Share