अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस के मौके पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार ने किया अनेक विधिक कार्यक्रमों का आयोजन

0

अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर हुआ ‘सशक्त युवा सशक्त भारत’ अभियान का आगाज।

हरिद्वार. आज दिनांक 12 अगस्त 2026 को अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर माननीय उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के निर्देशानुसार व माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार श्री नरेन्द्र दत्त जी के आदेशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जनपद हरिद्वार में विभिन्न विभागों से समन्वय स्थापित कर युवाओं को प्रेरित करने हेतु एवं युवाओं के मध्य विधिक जानकारी हेतु कार्यक्रम आयोजित किए गए।

सर्वप्रथम जी-आर-पी- मुख्यालय रानीपुर हरिद्वार में उत्तराखण्ड पुलिस के ट्रेनी एस-आई- (Trainee SI) के साथ सचिव/सिविल जज (सीनियर डिविजन) जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार श्रीमती सिमरनजीत कौर द्वारा युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें उनको नए आपराधिक कानूनों बी0एन0एस0 2023 एवं बी0एन0एस0एस0 2023 के बारे में प्रश्नोत्तर के माध्यम से अनेक कानूनी पहलुओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गयी। इसके साथ ही श्री रमण कुमार सैनी, डिप्टी एल0ए0डी0सी0 द्वारा ट्रेनी एस0आई0 को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के समस्त कार्यों व निःशुल्क विधिक सहायता कार्यक्रम के अंतर्गत लाभार्थियों/पात्र व्यक्तियों की जानकारी दी गयी तथा नालसा जागृति योजना के अंतर्गत धरातल पर अंतिम असहाय व्यक्ति की कानूनी सहायता हेतु संपूर्ण भारत में लागू हेल्पलाइन नंबर/टोलफ्री नंबर 15100 के बारे में भी जानकारी दी गयी। कार्यक्रम के दौरान युवा नवचयनित युवा एस0आई0 द्वारा प्रेषित समस्याओं का भी दौरान संवाद निवारण किया गया।

इसी क्रम में नेहरू युवा केंद्र रानीपुर मोड़ हरिद्वार के परिसर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार द्वारा स्थापित विधिक सहायता हेल्प डेस्क का सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं अध्यक्ष नेहरू युवा केंद्र श्री पदम प्रकाश शर्मा  द्वारा विधिवत फीता काटकर शुभारंभ किया गया तथा वहां पर उपस्थित युवाओं से संवाद के दौरान युवाओं को संविधान में उल्लिखित उनके मौलिक अधिकारों व मूल कर्तव्यों तथा साइबर अपराध के बारे में जानकारी प्रदान की गयी।

इस अवसर पर सचिव नेहरू युवा केंद्र  सुखबीर सिंह द्वारा धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि इस परिसर में विधिक सहायता हेल्प डेस्क के स्थापित होने से आमजन व युवाओं को निःशुल्क विधिक सहायता व जिला विधिक प्राधिकरण के बारे में जानकारी प्राप्त हो सकेगी। सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार द्वारा उक्त हेल्प डेस्क के लिए वहां पर लीगल अधिवक्ता व पी0एल0वी0 की ड्यूटी निर्धारित की गयी, जिससे वहां आने वाले अनेक युवा छात्र-छात्राएं लाभान्वित हो सकेंगे।

जेल समीक्षा दिवस के उपलक्ष्य में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण व डिप्टी डिफेंस काउंसिल द्वारा जिला कारागार हरिद्वार का साप्ताहिक दौरा किया। कारागार के मुलाकाती परिसर में स्थापित विधिक सहायता डेस्क पर सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार द्वारा बंदियों के परिजनों से मिलकर उनकी समस्या सुनी और उनको उचित विधिक सलाह प्रदान की। इसके साथ ही जिला कारागार हरिद्वार में एकलव्य बैरक जहां 18 से 21 आयु वर्ग के बंदियों को रखा जाता है, के साथ युवा संवाद कर उनको शिक्षा के प्रति प्रेरित किया व पॉक्सो एक्ट व उनके अधिकारों के बारे में विस्तृत जानकारी दी।

अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस की थीम ‘सशक्त युवा सशक्त भारत’ पर एक संवेदीकरण कार्यक्रम माननीय अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण/माननीय जनपद न्यायाधीश श्री नरेन्द्र दत्त जी हरिद्वार की अध्यक्षता में सांय 4 बजे डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन हरिद्वार के सभागार में युवा अधिवक्ताओं के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए नालसा की जागृति योजना 2025 का परिचय जिला बार एसोसिएशन के युवा अधिवक्ताओं को दिया गया तथा युवा अधिवक्ताओं को संवाद हेतु आमंत्रित किया, जिस पर 6 युवा अधिवक्ताओं द्वारा अपना वक्तव्य रखा तथा वरिष्ठ अधिवक्ता श्री विजय कुमार शर्मा व श्री राकेश कुमार गुप्ता, श्री अनुज कुमार शर्मा, श्री तनवीर भारती द्वारा भी युवा अधिवक्ताओं के साथ संवाद कर उन्हें अपने अनुभव साझा किए गए, इसके साथ ही युवा अधिवक्ताओं द्वारा इस संवाद कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर अपनी बातें प्रस्तुत की गयीं। मुख्य अतिथि द्वारा अपने संदेश में कहा कि आज का युवा भविष्य का राष्ट्र निर्माता है तथा उन्होंने देश की आजादी के समय शहीद हुए युवा भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव व चन्द्रशेखर आजाद के बारे में जिक्र करते हुए युवा पीढ़ी को प्रेरित होने के लिए कहा तथा वकालत के पेशे में अधिक से अधिक ज्ञानवर्धन के लिए कानूनी किताबों का अध्ययन करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा और कहा कि आज के युवा अधिवक्ता वकालत में मेहनत कर आकाश की बुलंदियों को निश्चित रूप से छू सकते हैं। इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री जसमहेंद्र सिंह, सचिव विपिन द्विवेदी, उपाध्यक्ष श्रीमती मीनाक्षी कपिल, समस्त कार्यकारिणी व भारी संख्या में युवा अधिवक्ता व उनके प्रेरणा स्रोत सम्मानित वरिष्ठ अधिवक्तागण उपस्थित रहे। अंत में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया तथा इस प्रकार के कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित किए जाने हेतु बार एसोसिएशन हरिद्वार को अपने सहयोग हेतु संस्तुति दी गयी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Share