चाकू मारकर महिला टीचर की हत्या के आरोपी फरीदाबाद पुलिस की विशेष टीम ने किया गिरफ्तार
सूचना के 2 घंटे के अंदर ही एवीटीएस सिकरौना टीम की त्वरित कार्रवाई
फरीदाबाद: 3 अगस्त को सिकरौना गांव स्थित सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल में महिला टीचर पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर हत्या करने के मामले में एवीटीएस सिकरौना की टीम ने सूचना के 2 घंटे के अंदर ही आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 3 अगस्त को सुबह के समय गांव सिकरौना स्थित सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल में एक महिला को चाकू मारकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। जिस संबंध में मृतका के पति विकास की शिकायत पर थाना सेक्टर 58 में मामला दर्ज कर जांच आरंभ की गई। घटना की गंभीरता के मद्देनजर फरीदाबाद पुलिस की अपराध शाखाओं ने अपने सोर्स एक्टिव किये। एवीटीएस सिकरौना की टीम ने तकनीकी सहायता व सूत्रों की सूचना पर कार्रवाई करते हुए मामले में सफलता हासिल की और सूचना के 2 घंटे के अंदर ही गांव कोट फरीदाबाद निवासी अमित (21) को गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि करीब 2 वर्ष पहले मृतका उसके गांव के प्राइवेट स्कूल में पढ़ती थी। इस दौरान ही उसकी महिला से जान पहचान हुई थी और उनकी आपस में बातचीत होती थी। महिला उससे पीछा छुड़ाना चाहती थी परंतु वह बार-बार महिला का पीछा करता था। महिला ने उसको कहा थी कि केस कर दूंगी और मृतका ने आरोपित से बात करनी बंद कर दी थी। जिसके चलते उसने वारदात को अंजाम दिया था। 3 अगस्त को सुबह स्कूल के अंदर उसने महिला पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया और हत्या कर मौका से भाग गया।
