देहरादून-मसूरी राजमार्ग का दस मीटर हिस्सा धंसा, आवाजाही बाधित

0

देहरादून। भारी वर्षा के बाद देहरादून-मसूरी राजमार्ग का करीब 10 मीटर हिस्सा पानीवाला बैंड के पास सोमवार दोपहर को धंस गया। राजमार्ग के इस भाग पर निचली तरफ की रिटेनिंग वाल ध्वस्त हो गई। जिस कारण सड़क का निचला हिस्सा खोखला हो गया। नागरिकों की सुरक्षा को देखते हुए शाम को उपजिलाधिकारी मसूरी के आदेश पर राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी गई है।
हालांकि, शाम को आवाजाही प्रतिबंधित किए जाने से पहले इस पर सिंगल लेन ट्रैफिक का संचालन पुलिस की देखरेख में कराया जा रहा था। इस तरह छोटे वाहनों को गुजरने की अनुमति दी जा रही थी। लेकिन मौसम के मिजाज को देखते हुए यह आशंका थी कि सड़क पूरी तरह ध्वस्त हो सकती है।
मसूरी मार्ग पर वाहनों का संचालन अचानक बंद कर दिए जाने के बाद दोनों तरफ भारी जाम की स्थिति रही। तमाम वाहनों के वापस लौटने और उसी दिशा में वाहनों के आगमन के कारण करीब एक घंटे तक राजमार्ग पैक नजर आया।पानीवाला बैंड के पास सड़क में निचली तरफ से धंसाव के बाद फौरी तौर पर लोनिवि प्रांतीय खंड की मशीनरी ने पहाड़ी का कटान शुरू कर दिया है। प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार ने बताया कि तत्काल राहत के लिए पहाड़ी की दिशा में कटान का कार्य किया जा रहा है। ताकि प्रभावित वाले भाग पर अस्थायी सड़क तैयार की जा सके। उन्होंने कहा कि सोमवार देर रात या मंगलवार सुबह तक रजमार्ग को यातायात के लिए बहाल कर दिया जाएगा।
अधिशासी अभियंता राजेश कुमार के अनुसार रिटेनिंग वाल के आसपास कहीं पानी का स्रोत है। जिस कारण रिटेनिंग वाल अपनी जगह से खिसक गई है। क्योंकि पानी के निरंतर बहाव ने जमीन को कमजोर किया है। उन्होंने बताया कि रिटेनिंग वाल के उपचार के लिए एस्टीमेट तैयार किया जाएगा और उसके अनुसार मरम्मत या पुनर्निर्माण का काम किया जाएगा। हालांकि, इसमें अभी कुछ समय लग सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Share