ई- रिक्शा शोरूम में लगी आग, ई रिक्शा समेत सामान जलकर राख हुआ

0

-हरिद्वार। देर रात उत्तरी हरिद्वार में मुखिया गली स्थित श्रीराम मंदिर के सामने एक ई रिक्शा के शोरूम में आग लगने से कई ई रिक्शा इसकी चपेट में आकर खराब हो गए। आग लगने के सूचना दमकल विभाग को दी गयी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस अग्निकांड में लाखों के नुकसान का अनुमान है। आग लगने का कारण शार्ट सर्किंट बताया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार रोजाना की तरह मालिक दुकान बंद करके घर चला गया। दुकान में चार्जिंग स्टेशन भी चलता था। लेकिन देर रात अचानक दुकान में आग लग गई। दुकान में धुंआ उठता देख कुछ लोग मौके पर जमा होने लगे। शोरूम मालिक को सूचना दी गई, तो वो भी मौके पर पहंुचे। लोगों द्वारा बाल्टियों से आग बुझाने का प्रयास असफल रहा। दुकान के बाहर खड़े वाहनों को तत्काल हटाया गया। सूचना मिलते ही स्थानीय खड़खड़ी चैकी पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। अफरा तफरी के माहौल के बीच लोगों ने फायर ब्रिगेड की टीम को सूचना दी। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और आग को बुझाने का प्रयास शुरू किया। डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. शटर खोलकर देखा गया तो, अंदर सारा सामान जलकर राख हो चुका था।
गनीमत रही कि वक्त रहते आग पर काबू पा लिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया। क्योंकि जिस जगह यह दुकान है, वो घनी आबादी वाला क्षेत्र है। हरकी पैड़ी के नजदीक होने के चलते यहां कई आश्रम और धर्मशालाएं भी हैं, जहां अक्सर यात्रियों की भीड़ रहती है। हालांकि हादसे में कोई जनहानि तो नहीं हुई, लेकिन दुकान में रखा ई रिक्शा समेत सारा सामान जलकर राख हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share