निकाह में आए बारातियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा, दुल्हे ने मांगा दहेज, दुल्हन के पिता को आया हार्टअटैक, हुई मौत

0

उधमसिंह नगर। रविवार रात जिले के खटीमा में एक शादी समारोह में निकाह के दौरान दहेज और मेहर की रकम को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। विवाद के बीच दुल्हन के पिता को दिल का दौरा पड़ गया। अस्पताल में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। जिसके बाद गुस्साए लोगों ने दुल्हे सहित बारातियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा।
हालात इतने बिगड़ गए कि कई बारातियों को अपनी जान बचाने के लिए मैरिज हाल की छत से कूदकर भागना पड़ा। सूचना मिलने के बाद देर रात तक मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा और दोनों पक्षों के बीच समझौते की कोशिशें जारी रहीं।
घटना बीती रात खटीमा में वार्ड नंबर-7 इस्लामनगर स्थित खुशबू मैरिज हॉल की है। यहां बरेली के बड़ा फरीदपुर से सादिक ठेकेदार की बेटी की बारात आई थी। बारात के स्वागत तक सब कुछ सामान्य रहा। निकाह के समय मेहर की रकम को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। लड़की पक्ष का आरोप है कि शादी तय होने के बाद से ही लड़का पक्ष लगातार दहेज की मांग बढ़ाता रहा। पहले स्कूटी की मांग की गई। बाद में उसकी जगह महंगी स्पोर्ट्स बाइक और एक लाख रुपये नकद की मांग रखी गई। वहीं निकाह के दौरान लड़की पक्ष ने पांच लाख रुपये मेहर तय करने की बात कही, जबकि लड़का पक्ष 21 हजार रुपये पर अड़ा रहा। काफी देर तक चली बातचीत के बावजूद कोई सहमति नहीं बन सकी। इसी बीच विवाद से तनावग्रस्त दुल्हन के पिता की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें दिल का दौरा पड़ गया। अस्पताल में उनकी मौत की सूचना मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने दूल्हे मोहम्मद आरिफ, उसके भाई मोहम्मद खालिद, बहनोई अता हुसैन समेत कई बारातियों को बंधक बना लिया और उनके साथ मारपीट कर दी। हालात इतने बिगड़ गए कि कई बारातियों को अपनी जान बचाने के लिए मैरिज हॉल के समीप एक मकान की छत से कूदकर भागना पड़ा। विवाद के दौरान मैरिज हॉल में कुर्सियां तोड़ी गईं। निकाह स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलने पर कोतवाल विजेंद्र शाह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने महिला, बच्चों और अन्य बारातियों को सुरक्षित बाहर निकाला। देर रात तक दोनों पक्षों के बीच पुलिस की मौजूदगी में वार्ता जारी रही. कोतवाल विजेंद्र शाह ने बताया कि निकाह के दौरान विवाद का मामला सामने आया है। मामले को सुलझाने के प्रयास किए जा रहे हैं। यदि समझौता नहीं होता है, तो दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Share