कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने युवक के आत्महत्या करने के मामले की मुख्यमंत्री से जांच की मांग की

0

पौडी गढ़वाल। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने जनपद पौडी के सतपुली विकासखंड के ग्राम रैतपुर पहुंचकर पुलिस प्रताड़ना से आत्महत्या का आरोप लगाने वाले मृतक युवक पंकज कुमार के घर पहुंचकर उनके परिजनों से मुलाकात कर उनको सांत्वना देते हुए स्थानीय पुलिस से मामले की सम्पूर्ण जानकारी लेते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मामले की जांच कराये जाने एवं पीडित परिवार को न्याय दिये जाने की मांग की। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने सतपुली पहुंचकर घटना की पूरी जानकारी ली तथा स्थानीय पुलिस अधिकारियों से वार्ता कर पीडित परिवार के साथ न्याय संगत व्यवहार की मांग की। गणेश गोदियाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को खिलाफ कानून सम्मत कार्रवाई की मांग की है।
घटना स्थल पर पहुंचकर स्थानीय लोगों एवं परिजनों से मुलाकात के उपरान्त मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि जनपद पौड़ी गढ़वाल के ग्राम रैतपुर, सतपुली क्षेत्र के एक युवक द्वारा कथित रूप से पुलिस प्रताड़ना से आहत होकर आत्महत्या कर लेने का अत्यंत गंभीर एवं दुःखद मामला सामने आया है। यह घटना न केवल मानवीय दृष्टि से पीड़ादायक है, बल्कि प्रदेश की कानून व्यवस्था एवं पुलिस कार्यप्रणाली पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े करती है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय जनता एवं मृतक के परिजनों से मिली जानकारी तथा सोशल मीडिया में वायरल हो रहे मृतक के मौत से पहले जारी की गई वीडियो क्लिपिंग के अनुसार, मृतक युवक की वाईक एक्सीडेंट में एक व्यक्ति से हुई टक्कर के चलते पुलिस द्वारा युवक को थाने ले जाकर शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया, जिसके कारण उसे यह आत्मघाती कदम उठाने को मजबूर होना पड़ा। यदि यह आरोप सत्य हैं, तो यह अत्यंत निंदनीय है, और लोकतांत्रिक व्यवस्था में अस्वीकार्य है।
गणेश गोदियाल ने कहा कि इससे पूर्व नैनीताल जनपद के खैरना निवासी बालम बिष्ट के परिजनों ने पुलिस पर मारपीट एवं अमानवीय व्यवहार के आरोप लगाये गये थे। जिसमें मृत के परिजनों का आरोप था कि पुलिस की मारपीट से आहत होकर उसने मौत को गले लगाया। यही नहीं कुछ समय पूर्व टिहरी जिले के लम्बगांव निवासी केशव थलवाल द्वारा पुलिस पर जबरन उठाकर चौकी ले जाकर प्रताडित करने एवं अमानवीय व्यवहार करने के आरोप लगाये गये। उन्होंने कहा कि विगत दो वर्ष के अन्तराल में पुलिस प्रताड़ना के इस प्रकार के प्रकरणों से प्रदेश की कानून व्यवस्था एवं पुलिस की कार्यप्रणाली पर गम्भीर प्रश्नहचन्ह खड़े हुए हैं तथा पुलिस व्यवस्था से आम जन का विश्वास उठता नजर आ रहा है। भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पुलिस विभाग में संवेदनशीलता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने हेतु ठोस कदम उठाए जाने चाहिए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी राज्य सरकार से अपेक्षा करती है कि धामी सरकार इन प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे तथा कांग्रेस पार्टी यह भी मांग करती है कि सतपुली के रैतपुर प्रकरण की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा जांच के दौरान आरोपित पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाए। दोषी पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने हेतु उचित आर्थिक सहायता एवं सुरक्षा प्रदान की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Share