*प्रधानमंत्री के संकल्प “स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सपनों का भारत बनाएंगे” को पूरा करने में सहयोगी बनेंगे सेनानी परिवार- जितेन्द्र रघुवंशी*

* 13 अप्रैल को व्यापार मंडल द्वारा स्वतंत्रता सेनानी शहीद सम्मान यात्रा का स्वागत पुष्प वर्षा से होगा*

*देशभक्ति से नयी पीढ़ी को अनुप्राणित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे सेनानी परिवार- भारत भूषण विद्यालंकार*
हरिद्वार 10 अप्रैल। प्रधानमंत्री के *स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सपनों का भारत बनाएंगे* संकल्प को पूरा करने में स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति (रजि.) भारत सरकार के साथ एक सहयोगी की भूमिका निभाएगी, इसकी जानकारी देते हुए संगठन के राष्ट्रीय महासचिव जितेन्द्र रघुवंशी ने आज प्रेस क्लब हरिद्वार में आयोजित प्रेस वार्ता में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि हम देश के विभिन्न प्रान्तों के विभिन्न संगठनों के वरिष्ठ पदाधिकारियों का स्वतंत्रता सेनानी शहीद परिवार राष्ट्रीय सम्मेलन 13 अप्रैल 2026 सोमवार को संगठन के संरक्षक, शिवडेल स्कूल के संस्थापक स्वामी शरद पुरी के संरक्षण में जलियांवाला बाग नरसंहार की 107वीं वर्षगांठ पर ऋषिकुल राजकीय आयुर्वैदिक कॉलेज के सभागार में आयोजित कर रहे हैं, जिसमें मुख्य अतिथि माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी, अति विशिष्ट अतिथि माननीय आयुष मंत्री श्री मदन कौशिक, विशिष्ट अतिथि परिवहन मंत्री श्री प्रदीप बत्रा, सम्मानित अतिथि छत्तीसगढ़ सरकार में नीति आयोग के उपाध्यक्ष श्री गणेश शंकर मिश्रा, महापौर श्रीमती किरण जैसल तथा रानीपुर हरिद्वार के यशस्वी विधायक आदेश चौहान पधारेंगे। वहीँ श्री रघुवंशी ने उत्तराखण्ड में स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारीयों को 600 रूपये के रूप में मिलने वाली सम्मान पेंशन को मात्र खाना पूर्ति बताया.
कार्यक्रम के सम्बन्ध में उन्होंने आगे बताया कि इस सम्मेलन में देश के विभिन्न प्रान्तों से शताधिक आयु के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस के सहयोगी रहे लेफ्टिनेंट आर. माधवन दिल्ली, श्री आनंद सिंह बिष्ट अल्मोड़ा, 116 वर्षीय स्वामी लेखराज बिजनौर तथा श्री भारत भूषण विद्यालंकर शामिल हो रहे हैं।
कार्यक्रम की रूपरेखा की जानकारी देते हुए महासचिव जितेन्द्र रघुवंशी ने बताया कि 13 अप्रैल 2026 सोमवार को प्रातः काल 9:00 बजे अमर शहीद जगदीश वत्स पार्क, निकट जटवाड़ा पुल ज्वालापुर से कटहरा बाजार, रेलवे पुलिस चौकी ज्वालापुर, आर्य नगर चौक रानीपुर मोड़ होते हुए कार्यक्रम स्थल ऋषिकुल आयुर्वैदिक कॉलेज परिसर तक स्वतंत्रता सेनानी शहीद सम्मान यात्रा निकाली जाएगी, जिसका शुभारंभ हरिद्वार के माननीय जिलाधिकारी श्री मयूर दीक्षित करेंगे। सम्मान यात्रा में कुमाऊं की प्रसिद्ध छोलिया नृत्य टोली सबसे आगे चलेगी। संपूर्ण यात्रा मार्ग में व्यापार मंडल तथा स्थानीय नागरिकों द्वारा पुष्प वर्षा करके स्वागत किया जाएगा। सम्मान यात्रा का नेतृत्व स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के साथ स्वामी शरद पुरी तथा जितेन्द्र रघुवंशी करेंगे।कार्यक्रम स्थल ऋषिकुल आयुर्वेदिक कॉलेज परिसर में स्थापित अमर शहीद जगदीश वत्स की प्रतिमा पर पुष्पांजलि समर्पित करके मुख्य विकास अधिकारी डॉ ललित नारायण मिश्रा सम्मान यात्रा का स्वागत करेंगे।
दोपहर 12:00 बजे से सम्मेलन का मुख्य कार्यक्रम ऋषिकुल आयुर्वैदिक कॉलेज के सभागार में शिवडेल स्कूल के छात्रों द्वारा प्रस्तुत राष्ट्रगीत वंदे मातरम से होगा, जिसमें माननीय मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों एवं संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों द्वारा प्रधानमंत्री के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सपनों का भारत बनाएंगे, संकल्प को 2047 तक पूरा करने के लिए विचार मंथन किया जाएगा और कार्यक्रम में शामिल स्वतंत्रता सेनानी शहीद परिवारों के वंशजों को संगठन की संयुक्त शक्ति की प्रतिबद्धता से संकल्पित किया जाएगा तथा स्वतंत्रता सेनानी शहीद परिवारों के हितों की रक्षा के लिए सरकार के समक्ष प्रस्ताव रखा जाएगा।
प्रेस वार्ता में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी भारत भूषण विद्यालंकर, संगठन के पदाधिकारी देशबन्धु, डॉ वेद प्रकाश आर्य ने भी संबोधित किया। स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अर्जुन सिंह राणा, संयुक्त सचिव आदित्य गहलोत, नगर प्रभारी विवेक कुमार शर्मा, रमेश कुमार, नरेन्द्र कुमार वर्मा, वीरेन्द्र सिंह गहलोत, कैलाश चन्द्र वैष्णव, यशपाल सिंह, आदित्य उपाध्याय, चंद्र प्रकाश मगन, सुशील कुमार, कृष्ण गोपाल पन्त तथा अशोक दिवाकर भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।
