कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा से शिष्टाचार भेंट कर शिक्षक हितों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर ज्ञापन सौंपा

0

रूडकी,
उत्तरांचल स्टेट प्राइमरी टीचर्स एसोसिएशन, हरिद्वार के प्रतिनिधि मंडल ने आज कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा से शिष्टाचार भेंट कर शिक्षक हितों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधि मंडल का नेतृत्व जिलाध्यक्ष अश्विनी चौहान ने किया, जबकि जिला मंत्री हेमेन्द्र चौहान, जिला कोषाध्यक्ष अरविंद कुमार शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी एवं शिक्षकगण भी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अश्विनी चौहान ने कहा कि प्रदेश के शिक्षक लंबे समय से पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली की अपेक्षा कर रहे हैं, क्योंकि वर्तमान नई पेंशन प्रणाली में भविष्य की आर्थिक सुरक्षा को लेकर अनिश्चितता बनी रहती है। उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन केवल एक आर्थिक व्यवस्था नहीं, बल्कि कर्मचारियों के सम्मानजनक एवं सुरक्षित जीवन का आधार है। साथ ही उन्होंने वर्ष 2011 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों पर TET की अनिवार्यता को समाप्त किए जाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि यह व्यवस्था प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों के विपरीत है।

जिला मंत्री हेमेन्द्र चौहान ने कहा कि प्रदेश के अधिकांश राजकीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों का अभाव गंभीर समस्या बना हुआ है। इसके कारण विद्यालयों में स्वच्छता, रख-रखाव एवं अन्य व्यवस्थाएं प्रभावित होती हैं और शिक्षकों को शिक्षण कार्य के अतिरिक्त गैर-शैक्षणिक कार्यों में समय देना पड़ता है, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने सरकार से इस दिशा में शीघ्र ठोस निर्णय लेने का आग्रह किया।

जिला कोषाध्यक्ष अरविंद कुमार शर्मा ने कहा कि शिक्षक समाज प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था की रीढ़ है और उनकी समस्याओं का समाधान होने से ही शिक्षा व्यवस्था मजबूत होगी। उन्होंने अपेक्षा व्यक्त की कि सरकार शिक्षकों की मांगों को गंभीरता से लेते हुए सकारात्मक पहल करेगी, जिससे शिक्षकों का मनोबल बढ़ेगा और वे और अधिक समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकेंगे।

प्रतिनिधि मंडल ने माननीय कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा जी को उनके दायित्व ग्रहण करने पर बधाई एवं शुभकामनाएं भी प्रेषित कीं। इस पर मंत्री जी ने आश्वस्त किया कि शिक्षक समाज की समस्याओं पर संवेदनशीलता के साथ विचार किया जाएगा और शासन स्तर पर आवश्यक कार्यवाही के लिए प्रयास किए जाएंगे। प्रतिनिधि मंडल में उत्तरांचल स्टेट प्राइमरी टीचर्स एसोसिएशन (उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ) हरिद्वार के जिलाध्यक्षअश्विनी चौहान, हेमेंद्र चौहान महामंत्री, अरविंद शर्मा कोषाध्यक्ष, राजेश चौहान,दिनेश बड़वाल,राजीव कुमार शर्मा,वीर सिंह पँवार, अमरीश वर्मा रविन्द्र अग्रवाल मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share