जीबीएम कॉलेज के वनस्पति विज्ञान विभाग की छात्राओं ने मशरूम फॉर्म का किया शैक्षणिक भ्रमण*

*-छात्राओं ने मशरूम की खेती की विभिन्न विधियों को देखा और सीखा*


गया जी। गौतम बुद्ध महिला कॉलेज में वनस्पति विज्ञान विभाग के “गो ग्रीन क्लब” की ओर से बॉटनी मेजर की छात्राओं को भुसुंडा, मानपुर स्थित मशरूम फार्म पर शैक्षणिक भ्रमण के लिए ले जाया गया। प्रधानाचार्या डॉ सीमा पटेल के निर्देशानुसार, वनस्पति विज्ञान विभाग की अध्यक्ष डॉ रुखसाना परवीन, डॉ रूही खातून, एवं तनवीर अली की देखरेख में छात्रा गीतांजलि, अनीषा, सोनाली, रितिका, प्रीति, तनु, ज्योति, काजल मिश्रा, वंदना, आलिया ने मशरूम फार्म की खेती की सभी प्रक्रियाओं को देखा, सुना, समझा और जाना। छात्राओं ने गेहूँ के भूसे, मुर्गियों को खिलाने वाले दानों, सल्फेट, अमोनिया, यूरिया आदि से तैयार माध्यम में प्लास्टिक की बोरियों में मशरूम, विशेष रूप से बटन और ऑयस्टर मशरूम, उगाने की विभिन्न विधियों को सीखा।
कॉलेज की पीआरओ डॉ कुमारी रश्मि प्रियदर्शनी ने बतलाया कि छात्राओं ने शैक्षणिक भ्रमण का जमकर लाभ उठाया। छात्राओं ने मशरूम फार्म के आसपास के ग्रामीण परिवेश का आनंद लेते हुए खेतों में उगाए गए मटर, सीम, बैंगन, टमाटर, फूलगोबी, सरसों आदि के पौधों की खेती को भी देखा और उन्हें उगाने की विभिन्न प्रक्रियाओं को समझा। ज्ञातव्य है कि अक्टूबर से मार्च के बीच बटन मशरूम सबसे बेहतर होता है, जबकि अन्य प्रकार वर्ष भर उगाए जा सकते हैं। वर्तमान समय में मशरूम की खेती एक लाभदायक व्यवसाय बन रही है। डॉ रश्मि ने बताया कि कॉलेज के सभी संकायों द्वारा हर वर्ष छात्राओं को शैक्षणिक परिभ्रमण पर ले जाया जाता है, ताकि संबंधित विषयों में उनकी रुचि बढ़ाई जा सके। शैक्षणिक परिभ्रमण छात्राओं को जैव-विविधता, विज्ञान, तकनीक, कृषि पद्धति, रोजगारपरक शिक्षा, अर्थव्यवस्था, भारत के इतिहास, भूगोल, राजनीति, दर्शन, साहित्य एवं मानविकी के विभिन्न पहलुओं से प्रत्यक्ष रूप से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, जिससे उनमें अनुभव आधारित ज्ञान का संवर्द्धन होता है।
