शेफील्ड स्कूल में उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति के हुए दीदार
सोल ऑफ इंडिया, ब्यूरो
रुड़की स्थित शेफील्ड स्कूल में उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस रजत जयंती वर्ष के अंतर्गत विगत दिवस भव्य लोक संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।


इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों, प्रबंधन तथा विद्यार्थियों ने मिलकर ‘देवभूमि उत्तराखंड’ की समृद्ध संस्कृति, लोक परंपराओं और वीरों के योगदान को याद किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन और उत्तराखंड राज्य गीत के गायन से हुआ। विद्यार्थियों व आध्यापिकाओं ने राज्य की लोक संस्कृति को प्रदर्शित करते हुए आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, गढ़वाली एवं कुमाऊँनी लोकनृत्य, और देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए।
विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. रुचि रावत ने अपने संबोधन में कहा कि
उत्तराखंड केवल एक राज्य नहीं, बल्कि त्याग, शौर्य, और संस्कृति की पहचान है। हमें अपने पर्वतीय मूल्यों और पर्यावरण संरक्षण की परंपरा को आने वाली पीढ़ियों तक पहुँचाना चाहिए।
इस अवसर पर छात्र छात्राएं, शिक्षिकाओं ने पारंपरिक कुमाऊनी,गढ़वाली, जौनसारी परिधान, आभूषण और पर्वतीय टोपी इत्यादि परिधान पहनकर सभी को लोक कला, संस्कृति, वेशभूषा के संरक्षण का संदेश दिया।
