गुलदार का हमला: 32 वर्षीय युवक, 37 वर्षीय महिला गंभीर घायल

0

श्रीनगर/रुद्रप्रयाग। मंगलवार सुबह गंगा दर्शन क्षेत्र से आगे पौड़ी रोड पर एक युवक पर गुलदार ने अचानक हमला कर गंभीर घायल कर दिया। आनन-फानन में युवक को नजदीकी हॉस्पिटल में भर्ती किया गया, जहां गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। घायल युवक की पहचान 32 वर्षीय संदीप कुमार निवासी रुड़की (हरिद्वार) के रूप में हुई है, जो पिछले कुछ समय से श्रीनगर क्षेत्र में रह रहा था।
मिली जानकारी के अनुसार सुबह के समय संदीप शौच के लिए जा रहा था, तभी झाड़ियों में छिपे गुलदार ने उस पर झपट्टा मारकर गंभीर घायल कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर घायल को प्राथमिक उपचार के लिए तत्काल संयुक्त अस्पताल श्रीनगर पहुंचाया। हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे श्रीकोट स्थित बेस अस्पताल रेफर कर दिया, जहां घायल का सीटी स्कैन कर उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार युवक के शरीर पर गहरे पंजों के निशान हैं और अत्यधिक रक्तस्राव के चलते उसकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।
गौरतलब है कि इस इलाके में पहले से गुलदार की सक्रियता के दिखाई दी है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, पूर्व में भी दो लोगों पर गुलदार हमला कर चुका है।ं स्थानीय लोगों ने वन विभाग से जल्द गुलदार के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है।
रुद्रप्रयाग। अगस्त्यमुनि नगर पंचायत क्षेत्र में मंगलवार तड़के एक महिला पर गुलदार ने घर में घुसकर हमला कर दिया। इस हमले ने एक बार फिर दहशत का माहौल बना दिया है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह साढ़े तीन बजे अगस्त्यमुनि नगर पंचायत के वार्ड नंबर छह नाकोट में गुलदार ने घर के अंदर सो रही महिला पर हमला कर दिया। इस हमले में 37 वर्षीय कुशला देवी पत्नी नत्थी लाल गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। घटना के समय नत्थी लाल का पूरा परिवार घर में सो रहा था। उनके साथ पत्नी कुशला देवी, पुत्र आशू, अंकित, मायके से आई बेटी ज्योति और उसका दुधमुंहा बेटा आयुष्मान भी मौजूद थे। इसी दौरान गुलदार ने दरवाजा धकेल कर घर में प्रवेश किया. सामने लेटी कुशला देवी पर झपट पड़ा। हमले के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई। नत्थी लाल ने साहस दिखाते हुए गुलदार से पत्नी को छुड़ाया और परिवार ने मिलकर शोर मचाते हुए गुलदार को भगाया। हमले में कुशला देवी के माथे, गाल और कंधे पर गंभीर घाव आए हैं। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि लाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
चिकित्सक डॉ. शिवांश ने बताया कि कुशला देवी के चेहरे पर सात टांके लगे हैं। उन्हें प्राथमिक उपचार देकर भर्ती किया गया है।घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है। वहीं स्थानीय लोगों ने गुलदार की बढ़ती गतिविधियों को लेकर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि क्षेत्र में पिंजरा लगाकर गुलदार को पकड़ने की व्यवस्था की जाए और गश्त बढ़ाई जाए, ताकि जानमाल का नुकसान न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share