26वां न्यूरोथेरेपिस्ट वार्षिक अधिवेशन 2026, हरिद्वार में 24 से 26 जनवरी तक
हरिद्वार।
लाजपत राय मेहरा न्यूरोथैरेपी रिसर्च ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (LMNTRTI) के तत्वावधान में 26वां न्यूरोथेरेपिस्ट वार्षिक अधिवेशन 2026 का आयोजन दिनांक 24 जनवरी से 26 जनवरी 2026 तक जम्मू यात्री भवन, भूपतवाला, हरिद्वार में किया जा रहा है। यह अधिवेशन न्यूरोथैरेपी के क्षेत्र में कार्यरत विशेषज्ञों, शोधकर्ताओं एवं चिकित्सकों के लिए एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय मंच सिद्ध होगा।
LMNTRTI के मीडिया प्रभारी श्री रमेश कुमार जी ने प्रेस को संबोधित करते हुए बताया कि यह तीन दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन 24 जनवरी की सुबह शुभारंभ के साथ प्रारंभ होगा और 26 जनवरी 2026 की दोपहर समापन समारोह के साथ संपन्न होगा। इस अधिवेशन में देश के 18 राज्यों से लगभग 350 न्यूरोथेरेपिस्ट, योग विशेषज्ञ, अस्पतालों से जुड़े चिकित्सक, शोधकर्ता तथा विभिन्न चिकित्सा पद्धतियों के अनुभवी विशेषज्ञ भाग लेंगे।
अधिवेशन के दौरान न्यूरोथैरेपी पर आधारित एक विशेष शैक्षणिक एवं प्रशिक्षणात्मक कार्यशाला (Educational Workshop) आयोजित की जाएगी, जिसमें यह बताया जाएगा कि देशभर में न्यूरोथैरेपी के माध्यम से किन-किन रोगों का सफलतापूर्वक उपचार किया जा रहा है तथा उसके क्या सकारात्मक एवं व्यावहारिक परिणाम सामने आए हैं। इस अवसर पर 18 राज्यों से आए न्यूरोथेरेपिस्ट अपने अनुभव, केस स्टडी, शोध निष्कर्ष एवं उपचार पद्धतियों को साझा करेंगे, जिससे नवोदित चिकित्सकों, छात्रों एवं शोधार्थियों को भी मार्गदर्शन प्राप्त होगा।
इस राष्ट्रीय अधिवेशन में ऑल इंडिया न्यूरोथैरेपी एसोसिएशन (AINA) के अध्यक्ष श्री अजय गांधी जी एवं LMNTRTI के अध्यक्ष श्री रामगोपाल परिहार जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इसके अतिरिक्त श्री जयदेव जी (संरक्षक, LMNTRTI एवं अखिल भारतीय छात्रावास प्रमुख) तथा श्री कुलवंत बाऊ जी (प्रसिद्ध सर्जन, श्रीनगर) सहित अनेक गणमान्य अतिथि, वरिष्ठ चिकित्सक एवं समाजसेवी कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाएंगे। LMNTRTI एवं AINA के सदस्य भी इस अधिवेशन में सक्रिय सहभागिता करेंगे।
श्री रमेश कुमार जी ने यह भी जानकारी दी कि यह वार्षिक अधिवेशन प्रत्येक वर्ष 24, 25 एवं 26 जनवरी को हरिद्वार में आयोजित किया जाता है, जिसमें देशभर के विभिन्न राज्यों से न्यूरोथैरेपी से जुड़े विशेषज्ञ सम्मिलित होते हैं। इस वर्ष अधिवेशन की मुख्य थीम “न्यूरोथैरेपी के डायग्नोस पॉइंट एवं रिसर्च पैटर्न” रखी गई है, जिसके अंतर्गत निदान की वैज्ञानिक पद्धतियों, शोध आधारित उपचार प्रणाली एवं भविष्य की संभावनाओं पर विशेष चर्चा की जाएगी।
इस अवसर पर आयोजित प्रेस वार्ता में LMNTRTI के कोषाध्यक्ष श्री सुमित महाजन जी भी उपस्थित रहे और उन्होंने अधिवेशन के सफल आयोजन को लेकर संस्था की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
